मुंबई । महाराष्ट्र में निकाय चुनावों को लेकर बढ़ रही हलचलों के बीच शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय ऱाऊत ने दावा किया है कि मुंबई का मेयर मराठी भाषी बनेगा। मुंबई का मेयर ठाकरे बंधुओं की पार्टी का होगा।
आगामी निकाय चुनावों में शिवसेना (ठाकरे गुट) और मनसे के बीच गठबंधन की संभावना बढ़ती जा रही हैं। चर्चा है कि मनसे और शिवसेना (ठाकरे गुट) मिलकर मनपा चुनाव लड़ेंगे। रविवार को मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने शिवसेना प्रक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे से उनके आवास मातोश्री पर मुलाकात की थी। पिछले तीन महीने में उद्धव और राज की यह पांचवी मुलाकात है। रविवार को हुई ठाकरे बंधुओं की मुलाकात को लेकर संजय राऊत ने बड़ा खुलासा किया है।
उन्होंने कहा कि दोनो भाइयों के बीच राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा हुई। इस बैठक में सीटों के बंटवारे और मुंबई व अन्य मनपाओं की रणनीति पर बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि कोई कुछ भी कहे, उद्धव और राज के बीच निजी व राजनीतिक रिश्ते बहुत मज़बूत हो गए हैं। अब बात बहुत आगे बढ़ चुकी है। अब पीछे मुड़ने का कोई रास्ता नहीं है।
दोनों भाई मनसे और दिल से साथ आए हैं। विरोधियों की छाती पर चढ़कर हिंदुत्व का झंडा लहराया जाएगा। मुंबई का महापौर मराठा भाषी के बनने से कोई रोक नहीं सकता। दिल्ली का जूता उठाने वाले दल से मेयर नहीं बनेगा। मुंबई का महापौर ठाकरे बंधुओं की पार्टी का होगा।
संजय ऱाऊत ने कहा कि मुंबई समेत राज्य में 27 महानगरपालिकाएं हैं। यह चुनाव कोई खेल नहीं है। हर सीट पर बहुत सोच-समझकर चर्चा ज़रूरी है। हर मनपा की राजनीतिक स्थिति अलग होती है। कहां आरक्षण है, कहां पैनल सिस्टम है, दोनों दलों के नेता इन सब बातों पर चर्चा कर रहे हैं। स्थानीय स्तर के प्रमुख नेता चर्चा के अंतिम चरण में पहुंच चुके हैं।
