Mardaani 3 Box Office Collection Day 8: बॉर्डर 2 से टक्कर के बावजूद नहीं झुकी मर्दानी, आठवें दिन भी दिखाई दमदार पकड़

नई दिल्ली। रानी मुखर्जी की फिल्म मर्दानी 3 ने बॉक्स ऑफिस पर अपना पहला हफ्ता पूरा करते हुए दूसरे हफ्ते में भी रफ्तार बनाए रखी है। 30 जनवरी को रिलीज हुई यह एक्शन ड्रामा फिल्म ट्रेलर लॉन्च के बाद से ही चर्चा में रही। दर्शकों से इसे सिनेमाघरों में मिक्स्ड रिव्यू मिले, लेकिन इसके बावजूद फिल्म की कमाई थमने का नाम नहीं ले रही है। यह मर्दानी फ्रेंचाइजी की तीसरी किस्त है, जिसका पहला भाग साल 2014 में रिलीज हुआ था।

दूसरे हफ्ते में दिखी हल्की सुस्ती, लेकिन मुकाबले में कायम रही फिल्म
अभिराज मीनावाला के निर्देशन में बनी मर्दानी 3 में रानी मुखर्जी एक बार फिर पुलिस अधिकारी शिवानी शिवाजी रॉय के किरदार में नजर आ रही हैं। इस बार कहानी बच्चों की तस्करी जैसे गंभीर मुद्दे के इर्द-गिर्द घूमती है। बड़े पर्दे पर फिल्म का सीधा मुकाबला सनी देओल और वरुण धवन स्टारर बॉर्डर 2 से रहा। पहले हफ्ते में फिल्म ने अच्छी कमाई की, हालांकि दूसरे हफ्ते की शुरुआत में इसकी रफ्तार कुछ कमजोर होती दिखी।

पहले हफ्ते में 26 करोड़ से ज्यादा की कमाई
मर्दानी 3 ने पहले शुक्रवार को 4 करोड़ रुपये के साथ बॉक्स ऑफिस पर ओपनिंग की। वीकेंड पर फिल्म की कमाई में उछाल देखने को मिला और रविवार को तीसरे दिन इसने 7.25 करोड़ रुपये जुटाए। इसके बाद सोमवार को 2.25 करोड़, मंगलवार को 2.6 करोड़, बुधवार को 2.1 करोड़ और गुरुवार को 1.85 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की गई। इस तरह पहले सप्ताह में फिल्म का कुल कलेक्शन 26.30 करोड़ रुपये रहा।

आठवें दिन भी कायम रही पकड़, कलेक्शन में इजाफा
अब फिल्म के आठवें दिन के शुरुआती आंकड़े भी सामने आ गए हैं। सैकनिल्क के अर्ली ट्रेंड्स के मुताबिक शुक्रवार को मर्दानी 3 ने करीब 1.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। इसके साथ ही फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन बढ़कर 28.05 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

Related posts