जाह्नवी कपूर की मेहंदी में छिपा शिखर पहाड़िया के लिए प्यार, ‘शिखू’ लिखवाकर बटोरी सुर्खियां

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर इन दिनों अपने स्टाइलिश लुक के साथ-साथ एक खास वजह से भी चर्चा में हैं। बहन अंशुला कपूर के वेडिंग रिसेप्शन में शामिल हुईं जाह्नवी की मेहंदी ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया। अभिनेत्री ने अपनी मेहंदी में अपने कथित बॉयफ्रेंड शिखर पहाड़िया का निकनेम ‘शिखू’ लिखवाया, जिसकी तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं।

जाह्नवी कपूर ने समारोह की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। इन तस्वीरों में उनके रिसेप्शन लुक के साथ उनकी मेहंदी की एक खास डिटेल भी लोगों की नजर में आ गई। तस्वीरों को करीब से देखने पर मेहंदी में हिंदी में लिखा ‘शिखू’ साफ दिखाई देता है। अभिनेत्री ने पूरे नाम की जगह निकनेम को बेहद सादगी और मिनिमल डिजाइन के साथ अपनी मेहंदी में शामिल किया।

अंशुला कपूर के रिसेप्शन में छाया जाह्नवी का अंदाज

अंशुला कपूर के वेडिंग रिसेप्शन में जाह्नवी कपूर ने डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की साड़ी पहनकर शिरकत की। उनके पारंपरिक लुक की खूब सराहना हुई, लेकिन सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा उनकी मेहंदी की रही, जिसमें शिखर पहाड़िया के लिए उनके प्यार की झलक देखने को मिली।

लंबे समय से चर्चा में है दोनों का रिश्ता

जाह्नवी कपूर और शिखर पहाड़िया के रिश्ते को लेकर लंबे समय से चर्चाएं होती रही हैं। दोनों को कई धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक कार्यक्रमों में एक साथ देखा गया है। बताया जाता है कि दोनों ने वर्ष 2016 में एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया था, हालांकि 2018 में उनके अलग होने की खबरें सामने आई थीं। वर्ष 2023 में दोनों फिर कई मौकों पर साथ नजर आए, जिसके बाद उनके रिश्ते की चर्चाओं ने दोबारा जोर पकड़ लिया। इस वर्ष उनकी शादी को लेकर भी अटकलें लगी थीं, लेकिन जाह्नवी के पिता बोनी कपूर ने इन खबरों का खंडन किया था।

इन फिल्मों में नजर आएंगी जाह्नवी कपूर

कामकाज की बात करें तो जाह्नवी कपूर हाल ही में राम चरण के साथ फिल्म ‘पेड्डी’ में दिखाई दी थीं। फिल्म में उनके किरदार को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई थी। अब अभिनेत्री जल्द ही टाइगर श्रॉफ और लक्ष्य के साथ फिल्म ‘लग जा गले’ में नजर आएंगी। यह फिल्म अगले वर्ष मई में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

 

Related posts