मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री हुमा कुरैशी इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। पिछले कुछ समय से उनका नाम रचित सिंह के साथ जोड़ा जा रहा है और अब दोनों की शादी की खबरों ने भी जोर पकड़ लिया है। सोशल मीडिया पर दोनों की साथ में वायरल हो रही तस्वीरों के बाद फैंस इस जोड़ी को “सुपरक्यूट” बता रहे हैं।
हालांकि अभिनेत्री की ओर से अभी तक रिश्ते या शादी को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि हुमा इसी साल के अंत तक शादी के बंधन में बंध सकती हैं।
अक्टूबर-नवंबर में हो सकती है शादी
हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, हुमा कुरैशी और रचित सिंह की शादी की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि दोनों अक्टूबर के आखिर या नवंबर में शादी करने की योजना बना रहे हैं।
बताया जा रहा है कि शादी को लेकर परिवार और करीबी दोस्तों के बीच चर्चाएं तेज हो चुकी हैं और शुरुआती तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं।
मुंबई एयरपोर्ट पर साथ दिखे दोनों
हाल ही में हुमा कुरैशी और रचित सिंह को मुंबई एयरपोर्ट पर एक साथ स्पॉट किया गया था। दोनों को साथ देखकर एक बार फिर उनके रिश्ते की चर्चाएं तेज हो गईं।
यह उन कम मौकों में से एक था जब दोनों सार्वजनिक रूप से साथ नजर आए। सोशल मीडिया पर दोनों की तस्वीरें सामने आने के बाद फैंस लगातार उनकी शादी को लेकर कयास लगा रहे हैं।
छोटी और निजी शादी कर सकती हैं हुमा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हुमा कुरैशी भव्य शादी की बजाय एक निजी और पारिवारिक समारोह पसंद कर सकती हैं।
सूत्रों का कहना है कि अभिनेत्री करीबी दोस्तों और परिवार की मौजूदगी में छोटी शादी कर सकती हैं, जिसके बाद इंडस्ट्री के लोगों के लिए एक बड़ा रिसेप्शन आयोजित किया जा सकता है। फिलहाल शादी मुंबई में होने की संभावना जताई जा रही है।
सोनाक्षी सिन्हा की शादी में भी दिखे थे साथ
हुमा और रचित के रिश्ते की चर्चा पहली बार तब तेज हुई थी, जब दोनों एक फिल्म स्क्रीनिंग में साथ नजर आए थे। इसके बाद दोनों को सोनाक्षी सिन्हा की शादी में भी साथ देखा गया, जिससे डेटिंग की अफवाहों को और बल मिला।
सितंबर 2025 में ऐसी खबरें भी सामने आई थीं कि दोनों ने अमेरिका में एक निजी समारोह में सगाई कर ली है।
उस समय रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि रचित सिंह ने अमेरिका में बेहद निजी माहौल में हुमा को प्रपोज किया था और अभिनेत्री ने उनका प्रस्ताव स्वीकार कर लिया था।
हालांकि इन तमाम खबरों पर अब तक हुमा कुरैशी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
