लखनऊ: राजधानी लखनऊ के ऐशबाग इलाके में बुधवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। घरेलू विवाद के बीच एक पति ने अपनी पत्नी को फोन कर मिलने बुलाया और फिर सरेराह चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी ने पत्नी पर गले और सीने पर कई वार किए। जान बचाने के लिए महिला भागी, लेकिन आरोपी ने पीछा कर बीच सड़क उसका गला रेत दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान 26 वर्षीय चांदनी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका पति मो. शाहिद है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन बाद में पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
फोन कर बुलाया, फिर कर दिया हमला
बाजारखाला थाना पुलिस के अनुसार चांदनी का निकाह रामनगर तकिया चांद निवासी मो. शाहिद से हुआ था। पिछले कई महीनों से दोनों के बीच विवाद चल रहा था और महिला मायके में रह रही थी।
बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर शाहिद ने चांदनी को फोन कर मिलने के लिए बुलाया था। उस समय चांदनी स्कूटी से पीली कॉलोनी स्थित अपनी भाभी के घर जा रही थी। रास्ते में ऐशबाग इलाके में दोनों की मुलाकात हुई। जैसे ही चांदनी ने स्कूटी रोकी, शाहिद ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
भागती रही महिला, पीछा करता रहा आरोपी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमले के बाद गंभीर रूप से घायल चांदनी जान बचाने के लिए सड़क पर भागने लगी। लेकिन शाहिद लगातार उसका पीछा करता रहा। दौड़ते समय चांदनी सड़क पर गिर गई, जिसके बाद आरोपी ने उसका गला रेत दिया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
तलाक का केस चल रहा था
पुलिस जांच में सामने आया है that चांदनी पिछले करीब तीन महीने से मायके में रह रही थी। दोनों के बीच तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा था और 9 जून को अगली तारीख निर्धारित थी।
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही दहेज को लेकर चांदनी को प्रताड़ित किया जाता था। आए दिन मारपीट और विवाद होते थे, जिसके बाद मामला कोर्ट तक पहुंच गया।
मृतका की मां सबून ने आरोप लगाया कि उनके दामाद ने उनकी बेटी की हत्या की है। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी लंबे समय से परेशान थी और पति से विवाद के कारण मायके में रह रही थी।
पुलिस कर रही पूछताछ
घटना के बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की और कुछ घंटों के भीतर आरोपी शाहिद को हिरासत में ले लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार दंपति का एक चार साल का बेटा भी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
