गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। गोंडा-बेलसर मार्ग पर निर्माणाधीन पुल के पास सरिया से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर खेत में पलट गया। हादसे के वक्त खेत में काम कर रहे तीन मजदूर ट्रक की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल हैं, जिससे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
हादसा देहात कोतवाली क्षेत्र के कंसापुर और विरसिंहपुर गांव के बीच टेढ़ी नदी के पास हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रक निर्माणाधीन पुल के लिए सरिया लेकर जा रहा था। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे खेत की तरफ पलट गया।
खेत में काम कर रहे मजदूरों पर पलटा ट्रक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय खेत में कई मजदूर काम कर रहे थे। अचानक तेज आवाज के साथ ट्रक खेत में पलट गया और वहां मौजूद तीन मजदूर उसके नीचे दब गए। हादसा इतना भयावह था कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान तरबगंज क्षेत्र के चांदपुर निवासी राजेंद्र (45), उनके छोटे भाई रविंद्र (40) और राम गुलाम (55) के रूप में हुई है। दो सगे भाइयों की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
क्रेन की मदद से निकाले गए शव
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर देहात कोतवाली पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। राहत और बचाव अभियान चलाते हुए क्रेन की सहायता से ट्रक को हटाकर शवों को बाहर निकाला गया।
इसके बाद पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को घटना की सूचना दी गई।
चालक की लापरवाही की आशंका
प्रारंभिक जांच में हादसे के पीछे चालक की लापरवाही को वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
