अमेरिका में भीषण सड़क हादसा: 6 वाहनों को टक्कर मारने के बाद खाई में गिरी बस, 5 लोगों की मौत, 34 घायल

स्टैफोर्ड: अमेरिका के वर्जीनिया राज्य में एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 34 लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना इंटरस्टेट-95 हाईवे पर उस समय हुई जब निर्माण कार्य के कारण यातायात धीमी गति से चल रहा था। इसी दौरान एक बस नियंत्रण खो बैठी और कई वाहनों को टक्कर मारते हुए खाई में जा गिरी।

पुलिस के अनुसार हादसा स्टैफोर्ड काउंटी के क्वांटिको क्षेत्र के पास हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सड़क पर चल रहे निर्माण कार्य की वजह से वाहनों की रफ्तार कम थी, लेकिन बस चालक समय रहते गति नियंत्रित नहीं कर सका। इसके बाद बस ने एक के बाद एक छह वाहनों को टक्कर मार दी।

निर्माण क्षेत्र में धीमे ट्रैफिक के बीच हुआ हादसा

जांच अधिकारियों का कहना है कि दक्षिण दिशा की ओर जाने वाले वाहनों की रफ्तार निर्माण कार्य के कारण कम थी। बस ने ट्रैफिक की स्थिति को देखते हुए गति कम नहीं की और सामने मौजूद वाहनों से जा टकराई। टक्कर के बाद बस सड़क से नीचे खाई में पलट गई।

बस में लगभग 34 यात्री सवार थे। हादसे के बाद राहत एवं बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

44 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया, तीन की हालत गंभीर

दुर्घटना के बाद कुल 44 लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इनमें बस चालक और कई यात्री शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक तीन घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।

घटनास्थल पर मौजूद अधिकारियों ने इस हादसे को बेहद दुखद बताया। उनका कहना है कि इतने बड़े पैमाने पर हुई इस दुर्घटना ने राहतकर्मियों को भी झकझोर दिया।

एक कार में लगी आग, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

हादसे के दौरान एक कार में आग लग गई, जिसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में 45 वर्षीय पुरुष, 44 वर्षीय महिला, 13 वर्षीय किशोरी और 7 वर्षीय बालक शामिल हैं। सभी मैसाचुसेट्स के ग्रीनफील्ड क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने अभी तक उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की है।

25 वर्षीय महिला की भी गई जान

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में एक अन्य 25 वर्षीय महिला की भी मौत हुई है। वह मैसाचुसेट्स के वॉर्सेस्टर क्षेत्र की रहने वाली थी और बस की टक्कर का शिकार हुई। इस तरह हादसे में कुल पांच लोगों की जान चली गई।

बस चालक की पहचान हुई, जांच जारी

अधिकारियों ने बस चालक की पहचान न्यूयॉर्क के स्टेटन आइलैंड निवासी 48 वर्षीय जिंग एस डोंग के रूप में की है। फिलहाल उनके खिलाफ संभावित आरोपों को लेकर जांच जारी है और अंतिम फैसला बाद में लिया जाएगा।

परिवहन विभाग के मुताबिक चालक मूल रूप से चीन से हैं और अमेरिकी नागरिक हैं। उन्होंने दो साल पहले न्यूयॉर्क में अपना वाणिज्यिक ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त किया था। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

Related posts