मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में पति की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। स्वाट टीम देहात और हस्तिनापुर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का आरोप है कि पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची और जहरीले सांप से डंसवाकर उसकी जान ले ली। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे के अनुसार, 17 जुलाई को अतुल पंवार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। मृतक की पत्नी दामिनी ने पुलिस और परिजनों को बताया था कि उसके पति की मौत सांप के काटने से हुई है। अतुल को हस्तिनापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद जांच शुरू की गई।
तकनीकी जांच में खुली साजिश की परतें
पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और मोबाइल फोन की जांच की तो सामने आया कि दामिनी का स्कूल के ड्राइवर तुषार के साथ प्रेम संबंध था। जांच के दौरान दोनों के मोबाइल से डिब्बे में बंद सांप की तस्वीर भी बरामद हुई। पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उन्होंने एक सपेरे से जहरीला सांप खरीदा था और अतुल की हत्या की योजना बनाई थी।
पब्लिक स्कूल चलाता था मृतक
पुलिस के मुताबिक, 35 वर्षीय अतुल पंवार अपनी पत्नी दामिनी के साथ हस्तिनापुर क्षेत्र के रामलीला मैदान के पास स्थित कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल का संचालन करते थे और वहीं रहते थे। दोनों ने वर्ष 2019 में प्रेम विवाह किया था।
जांच के दौरान पुलिस को यह भी संदेह हुआ कि सामान्य परिस्थितियों में सांप का कंबल के भीतर पहुंचकर काटना असामान्य है। इसी आधार पर जांच को आगे बढ़ाया गया, जिसमें कथित साजिश का खुलासा हुआ।
बीमा राशि के लिए हत्या की रची गई साजिश का आरोप
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अतुल ने पहले की नौकरी के दौरान लगभग 20 लाख रुपये का बीमा कराया था। पुलिस का आरोप है कि बीमा राशि हासिल करने और बाद में साथ रहने की योजना के तहत दामिनी और तुषार ने हत्या की साजिश रची थी। जांच में यह भी सामने आया कि पहले अतुल को बिना नंबर की कार से कुचलने का कथित प्रयास किया गया था, लेकिन उस समय मामला दर्ज नहीं कराया गया।
दूध में नींद की गोलियां मिलाने और सांप छोड़ने का आरोप
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में तुषार ने बताया कि घटना से एक रात पहले अतुल को दूध में अधिक मात्रा में नींद की गोलियां दी गईं। इसके बाद सोनू और उदय की मदद से जहरीला सांप लाकर अतुल के कंबल में छोड़ दिया गया, जिससे कथित तौर पर सांप के काटने से उसकी मौत हो गई।
पुलिस का कहना है कि बीमा राशि मिलने पर सोनू और उदय को सहयोग के बदले 5 लाख रुपये देने की योजना भी बनाई गई थी।
चारों आरोपी गिरफ्तार, आगे की कार्रवाई जारी
स्वाट टीम देहात और थाना हस्तिनापुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस मामले में दामिनी, तुषार और दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।
