आंधी-बारिश से यूपी में भारी तबाही, लखनऊ से अयोध्या तक अलर्ट पर प्रशासन; CM योगी ने अफसरों को राहत कार्य तेज करने के दिए निर्देश

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सोमवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली और कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। लखनऊ, अयोध्या, बहराइच, गोंडा, बाराबंकी, बलरामपुर, श्रावस्ती, कासगंज और बरेली समेत कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं के चलते हालात बिगड़ गए। मौसम की इस भीषण मार के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल हालात का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिया कि पूरी प्रशासनिक मशीनरी सक्रिय रहे और हर संभव कोशिश की जाए कि खराब मौसम का असर लोगों पर न्यूनतम पड़े।

24 घंटे में मुआवजा देने के निर्देश

सीएम योगी ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि जनहानि, पशुहानि, घायलों और आपदा प्रभावित लोगों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर परिस्थिति में किसानों और प्रदेशवासियों के साथ खड़ी है। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं और अन्य हादसों वाले इलाकों में राहत-बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए और घायलों के तत्काल इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

अधिकारियों को फील्ड में रहने का आदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलाधिकारियों और फील्ड अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का लगातार दौरा करने और लोगों से सीधा संवाद बनाए रखने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि हर स्थिति की जानकारी समय पर शासन तक पहुंचाई जाए ताकि राहत कार्यों में तेजी लाई जा सके।

बाराबंकी में दिन में छाया अंधेरा

बाराबंकी में सोमवार सुबह से ही घने काले बादल छा गए। सुबह नौ बजे के आसपास हालात ऐसे हो गए कि दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया। तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि और फिर मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। सड़कों पर वाहन हेडलाइट जलाकर चलते नजर आए।

गोंडा में पेड़ और बिजली के खंभे टूटे

गोंडा में तेज आंधी और बारिश के चलते सैकड़ों पेड़ और बिजली के खंभे टूट गए। कई इलाकों में बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे हजारों घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।

गोंडा-उतरौला मार्ग समेत कई प्रमुख रास्तों पर पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ। अयोध्या हाईवे पर भी पेड़ गिरने के कारण आवाजाही थम गई।

अयोध्या में दिन में जलानी पड़ी लाइट

रामनगरी अयोध्या में तेज हवाओं और घने बादलों के चलते दिन में ही अंधेरा छा गया। सुबह करीब पौने ग्यारह बजे शुरू हुई तेज बारिश से शहर का मौसम पूरी तरह बदल गया। लोग जहां थे वहीं रुकने को मजबूर हो गए।

मौसम विभाग ने सात मई तक प्रदेश के कई हिस्सों में इसी तरह मौसम खराब रहने की संभावना जताई है।

बलरामपुर और बहराइच में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित

बलरामपुर में तेज हवाओं और बारिश के बीच कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन चालकों को दिन में लाइट जलाकर चलना पड़ा।

बहराइच-लखनऊ मार्ग पर जरवल इलाके में सड़क के बीच विशाल पेड़ गिरने से यातायात रुक गया। बाद में वन विभाग और पुलिस की टीम ने पेड़ हटाकर रास्ता बहाल कराया।

वहीं बहराइच में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। शहर और कस्बों में जनजीवन प्रभावित हो गया।

श्रावस्ती में मौसम ने अचानक बदला मिजाज

श्रावस्ती में सुबह धूप खिली थी, लेकिन कुछ ही देर बाद घने बादलों के साथ तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। तेज हवाओं के चलते कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई।

कासगंज में मकान गिरने से बच्ची की मौत

कासगंज में आंधी-बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गंजडुंडवारा क्षेत्र के गांव घबरा में एक पक्का मकान गिर गया, जिसमें दबकर पांच वर्षीय सोनाली की मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य लोग घायल भी हुए हैं।

बरेली में जलभराव से हालात बिगड़े

बरेली में मूसलाधार बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में भारी जलभराव हो गया। सड़कों से लेकर रिहायशी इलाकों तक पानी भर गया, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

सेटेलाइट बस अड्डे समेत कई प्रमुख स्थानों पर पानी भरने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं, क्योंकि कई इलाकों में पानी लोगों के घरों तक पहुंच गया।

Related posts