Ghaziabad Crime: शराब की लत और 150 करोड़ की संपत्ति बनी हत्या की वजह! बेटे ने पिता पर बरसाईं गोलियां, मौके पर हुई मौत

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मोदीनगर थाना क्षेत्र स्थित बुदाना गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। बुधवार देर रात एक बेटे ने कथित तौर पर अपने ही पिता की पिस्टल से ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

150 करोड़ की संपत्ति को लेकर चल रहा था विवाद

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 52 वर्षीय हरिओम चौधरी के रूप में हुई है। वह क्षेत्र के संपन्न किसानों में शामिल थे। उनके पास करीब 75 बीघा जमीन और दिल्ली-मेरठ रोड पर जीवन अस्पताल के सामने एक बड़ी मार्केट है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 150 करोड़ रुपये बताई जा रही है। परिवार में पत्नी अनीता, बड़ा बेटा निखिल नेहरा और छोटा बेटा नीशू हैं।

पिता को थी संपत्ति बेचने की आशंका

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बड़ा बेटा निखिल शराब का आदी बताया जा रहा है, जिसके चलते घर में अक्सर विवाद होता था। पिता हरिओम पहले ही उसे मार्केट की दुकानें और 25 बीघा जमीन दे चुके थे, लेकिन निखिल कथित तौर पर पूरी संपत्ति अपने नाम कराने की मांग कर रहा था। हरिओम को आशंका थी कि बेटा नशे और गलत संगत के कारण संपत्ति बेच सकता है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

डांटने पर पिता पर चला दी गोलियां

प्रारंभिक जांच के अनुसार, बुधवार रात हरिओम ने परिवार के साथ भोजन किया था। देर रात निखिल कथित रूप से नशे की हालत में घर पहुंचा, जिस पर पिता ने उसे डांट दिया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया। मां और छोटे भाई ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन हाथापाई के बीच आरोपी ने पिस्टल निकालकर पिता पर फायरिंग कर दी।

चेहरे और शरीर के कई हिस्सों में लगीं गोलियां

पुलिस के मुताबिक, पहली गोली हरिओम के चेहरे पर लगी, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद आरोपी ने उन पर लगातार कई गोलियां चलाईं। चेहरे, छाती और निजी अंग के पास गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पहले भी छोटे भाई पर कर चुका है हमला

जांच में यह भी सामने आया है कि वर्ष 2018 में आरोपी निखिल ने अपने छोटे भाई नीशू पर भी कथित तौर पर जानलेवा हमला किया था। उस घटना में गोली लगने से वह घायल हो गया था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि घटना से पहले आरोपी किन लोगों के साथ था और हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल किसकी थी।

आरोपी की तलाश में पुलिस की चार टीमें

पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

Related posts