लखनऊ: उत्तर प्रदेश में लगातार बदल रहे मौसम और आंधी-बारिश के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन को सख्त निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि आंधी, अति वर्षा और आकाशीय बिजली से होने वाली जनहानि के मामलों में मृतकों के परिजनों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में रहकर राहत और बचाव कार्यों की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया है। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहने के लिए कहा गया है।
घायलों के तत्काल इलाज के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसों में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि सभी घायलों को तुरंत बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और इलाज में किसी तरह की लापरवाही न हो।
सरकार ने साफ किया है कि राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
इसी को देखते हुए शासन स्तर पर सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन को आपदा प्रबंधन की तैयारियां पूरी रखने और संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखने को कहा गया है।
लोगों से घरों में रहने की अपील
खराब मौसम को देखते हुए शासन ने आम लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने के दौरान घरों में रहने तथा खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने किसानों और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों से भी सतर्क रहने को कहा है।
