भीषण गर्मी और हीट वेव पर सीएम योगी अलर्ट मोड में, प्रदेशवासियों से सतर्क रहने की अपील, कहा- लापरवाही से बचाएं जीवन

उत्तर प्रदेश में बढ़ती गर्मी और हीट वेव के खतरे को देखते हुए राज्य सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रदेशवासियों के नाम संदेश जारी करते हुए कहा कि सरकार ने प्रचंड गर्मी और लू से बचाव के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

मुख्यमंत्री का संदेश—हर जीवन अनमोल, सतर्कता जरूरी
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि बदलते मौसम के साथ गर्मी का असर बढ़ रहा है और यह समय सतर्क रहने का है। उन्होंने जनता से अपील की कि गर्मी के इस मौसम में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें और खुद के साथ अपने परिजनों का विशेष ध्यान रखें।

घर से निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह
सीएम योगी ने लोगों को सलाह दी कि घर से बाहर निकलते समय हल्के, सूती या खादी के ढीले कपड़े पहनें ताकि लू और गर्म हवाओं से बचा जा सके। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों की देखभाल पर जोर दिया।

पशु-पक्षियों के लिए भी संवेदनशीलता की अपील
मुख्यमंत्री ने नागरिकों से पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशील रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि गर्मी में पानी की कमी से बेजुबान जीवों की जान को खतरा होता है, इसलिए लोगों को छायादार स्थानों पर पानी के बर्तन रखने चाहिए।

सरकार की ओर से व्यापक इंतजाम
सरकार की तैयारियों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है और सार्वजनिक स्थानों पर छाया की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। श्रमिकों को लू से बचाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

अस्पतालों और कार्यस्थलों पर विशेष व्यवस्था
औद्योगिक और निर्माण स्थलों पर स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जा रहे हैं। वहीं अस्पतालों में हीट स्ट्रोक से प्रभावित मरीजों के लिए विशेष उपचार व्यवस्था की गई है। तहसील, थाने, अस्पताल और आंगनबाड़ी केंद्रों पर ठंडे पेयजल की मुफ्त सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

पशुधन और वन्यजीवों की सुरक्षा पर भी ध्यान
मुख्यमंत्री ने बताया कि पशुधन और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं। गोशालाओं में हरे चारे और पानी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के आदेश जारी किए गए हैं ताकि किसी भी जीव को गर्मी से नुकसान न हो।

फायर सेफ्टी और लापरवाही पर चेतावनी
सीएम योगी ने कहा कि गर्मी के मौसम में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचना जरूरी है। उन्होंने प्रशासन को भी अलर्ट रहने और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Related posts