मंत्री बोले, जहां शिकायत है वहां लेकर चलो, लापरवाही मिली तो अफसरों को कर दूंगा सस्पेंड
सुरक्षाकर्मियों और कार्यकर्ताओं में भी झड़प
महोबा। युवा उद्घोष कार्यक्रम से लौटते समय जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला शुक्रवार को चरखारी के भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत व उनके समर्थकों ने रोक लिया। विधायक ने जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़कों की बदहाली पर विरोध जताया। इस दौरान जलशक्ति मंत्री की विधायक से तीखी नोक-झोंक हुई जबकि कार्यकर्ताओं और सुरक्षाकर्मियों के बीच झड़प हुई।
शहर के राम श्री महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के बाद मंत्री का काफिला लौट रहा था। तभी कलक्ट्रेट मार्ग पर बड़ी संख्या में भाजपा विधायक व समर्थकों ने उनका काफिला रोका। सीओ सदर अरुण कुमार सिंह और एसडीएम शिवध्यान पांडेय ने मामले को नियंत्रण में किया । रास्ते से गाड़ी हटवाने के लिए स्वतंत्रदेव को खुद नीचे उतरकर आना पड़ा। जब मंत्री गाड़ी से उतरे तो कहासुनी हुई।
विधायक के साथ बड़ी संख्या में प्रधान भी पहुंचे थे। जिनका कहना था कि जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़कों की दशा खराब है, जिन्हें आजतक दुरुस्त नहीं कराया गया। साथ ही कई गांवों में अभी तक पानी नहीं पहुंचा है। एसडीएम ने बताया कि विधायक के समर्थकों ने समस्या बताने के लिए जलशक्ति मंत्री के काफिले को रोका था।

इसके बाद में समर्थकों को अलग कराकर काफिला आगे बढ़ाया गया। काफिला रोकने के बादचरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत व जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव के बीच बातचीत हुई। मंत्री ने कहा कि जहां कोई शिकायत है, वहां मुझे लेकर चलो। उस गांव में मैं खुद चलता हूं। 40 गांवों में कहोगे तो मैं सभी जगह चेक करने चलूंगा । लापरवाही पर अफसरों को सस्पेंड कर दूंगा। बाद में मंत्री के साथ विधायक कलेक्ट्रेट पहुंचें। ग्राम प्रधानों के साथ विधायक बैठक में शामिल हुए। बैठक के बाद मंत्री को काफिला पुलिस की सुरक्षा घेरा के बीच रवाना हुआ जबकि विधायक ग्राम प्रधानों के साथ बाहर निकले ।
अखिलेश ने कसा तंज
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने तंजकसते हुए कहा, भाजपा के डबल इंजन ही नहीं डिब्बे भी आपस में टकरा रहे हैं। भाजपा के मंत्री हों या विधायक इनमें से कोई भी विकास का काम नहीं कर रहे हैं इसीलिए जनता के गुस्से से बचने के लिए वो एक-दूसरे पर दोषारोपण कर रहे हैं।
जरूरत पड़ी तो लखनऊ में देंगे धरना
बृजभूषण राजपूत चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत ने कहा कि प्रधामंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में 20 दिन में सुधार का आश्वासन मिला। 20 दिन बाद अगर समस्या का निस्तारण न हुआ तो लखनऊ में जाकर धरना दिया जाएगा।
अयोध्या में केशव के सामने भाजपा नेताओं में धक्का-मुक्की
अयोध्या में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य गुरुवार को पूर्व विधायक खब्बू तिवारी की माता के तेरहवीं संस्कार में शामिल हुए | इस दौरान मंच पर डिप्टी सीएम के सामने ही भाजपा नेता आपस में भिड़ गए। जिलाध्यक्ष संजीव सिंह और वरिष्ठ नेता सच्चिदानंद पांडेय के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। सोशल मीडिया वीडियो वायरल हो रहा है।
