IPL 2026 से पहले धोनी का ‘स्पेशल क्लासरूम’, युवा विकेटकीपर्स को दिए गुर; टीम में भूमिका पर सस्पेंस बरकरार

आईपीएल 2026 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स के कैंप से एक दिलचस्प तस्वीर सामने आई है, जहां पूर्व कप्तान एमएस धोनी युवा खिलाड़ियों के मेंटर की भूमिका में नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में धोनी टीम के युवा विकेटकीपर्स के साथ लंबा समय बिताते और उन्हें बारीकियां सिखाते दिख रहे हैं। हालांकि, इस सीजन वह कितने मैच खेलेंगे, इसे लेकर अभी भी स्थिति साफ नहीं है।

प्रैक्टिस सेशन में धोनी ने संभाली कोच की भूमिका
चेन्नई सुपर किंग्स द्वारा साझा किए गए वीडियो में धोनी प्रैक्टिस के दौरान कार्तिक शर्मा और उर्विल पटेल को विकेटकीपिंग के टिप्स देते नजर आए। दोनों युवा खिलाड़ी ध्यान से धोनी की बातों को सुनते दिखे। कार्तिक शर्मा और उर्विल पटेल विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं और अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में टीम मैनेजमेंट के लिए ये देखना अहम होगा कि क्या उन्हें शुरुआती मुकाबलों में प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है या नहीं।

इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर दिख सकते हैं धोनी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस सीजन धोनी ज्यादातर मुकाबलों में इम्पैक्ट प्लेयर की भूमिका में नजर आ सकते हैं। यानी जरूरत पड़ने पर ही मैदान पर उतरेंगे। इससे टीम को अनुभव का फायदा भी मिलेगा और युवा खिलाड़ियों को ज्यादा मौके भी मिल सकते हैं।

संजू सैमसन बन सकते हैं फर्स्ट चॉइस विकेटकीपर
पिछले सीजन तक धोनी टीम के प्रमुख विकेटकीपर थे, लेकिन इस बार संजू सैमसन को यह जिम्मेदारी मिल सकती है। अगर ऐसा होता है तो सैमसन बतौर मुख्य विकेटकीपर बल्लेबाज टीम में अहम भूमिका निभाएंगे। वहीं, उनकी गैरमौजूदगी या चोट की स्थिति में कार्तिक शर्मा या उर्विल पटेल को मौका मिल सकता है। धोनी के नाम आईपीएल में विकेटकीपिंग के तौर पर 200 से ज्यादा शिकार दर्ज हैं, जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है।

लगातार दो सीजन से प्लेऑफ से बाहर CSK
चेन्नई सुपर किंग्स के हालिया प्रदर्शन पर नजर डालें तो टीम पिछले दो सीजन से प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाई है। पिछले सीजन में टीम ने 14 में से सिर्फ 4 मुकाबले जीते, जबकि 10 में हार का सामना करना पड़ा और अंक तालिका में आखिरी स्थान पर रही। ऐसे में इस बार टीम बेहतर प्रदर्शन के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि धोनी की मौजूदगी और अनुभव के साथ चेन्नई सुपर किंग्स इस सीजन वापसी कर पाती है या नहीं।


Related posts