FSSAI का बड़ा कदम: अब खराब और मिलावटी खाने की शिकायत करना हुआ आसान, लॉन्च हुआ Food Safety Connect App

नई दिल्ली: मिलावटी और खराब खाद्य पदार्थों पर सख्ती बढ़ाते हुए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने ‘फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप’ लॉन्च किया है। इस ऐप के जरिए अब उपभोक्ता होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे और स्ट्रीट फूड से जुड़ी खाद्य सुरक्षा संबंधी शिकायतें सीधे फूड सेफ्टी विभाग तक पहुंचा सकेंगे।

इस नई व्यवस्था का उद्देश्य लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है। ऐप के माध्यम से शिकायत के साथ फोटो और अन्य जरूरी जानकारी भी साझा की जा सकती है।

क्या है Food Safety Connect App?

एफएसएसएआई के अनुसार, ‘फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप’ ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसके जरिए कोई भी नागरिक खाद्य गुणवत्ता और स्वच्छता से जुड़ी शिकायत आसानी से दर्ज कर सकता है। यदि किसी होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे या स्ट्रीट फूड विक्रेता के यहां गंदगी, मिलावट या खराब भोजन मिलता है, तो उसकी जानकारी सीधे संबंधित अधिकारियों तक भेजी जा सकती है।

किन मामलों में कर सकते हैं शिकायत?

इस ऐप के जरिए उपभोक्ता भोजन में मिलावट की आशंका, खराब या खाने योग्य न होने वाले खाद्य पदार्थ, रसोई में गंदगी, मक्खियों, कॉकरोच या चूहों की मौजूदगी, स्वच्छता मानकों का उल्लंघन और अन्य खाद्य सुरक्षा संबंधी समस्याओं की शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

शिकायत के साथ मौके की तस्वीरें और अन्य आवश्यक विवरण भी अपलोड किए जा सकते हैं, जिससे जांच में आसानी होगी।

ऐसे दर्ज करें शिकायत

शिकायत दर्ज करने के लिए सबसे पहले अपने मोबाइल फोन में Food Safety Connect App डाउनलोड कर इंस्टॉल करें। इसके बाद ऐप खोलें और संबंधित स्थान पर मौजूद गंदगी या खराब भोजन की फोटो लें।

अब घटना का स्थान, पता और शिकायत की श्रेणी चुनकर पूरी जानकारी भरें और शिकायत सबमिट कर दें। शिकायत दर्ज होते ही यह सीधे संबंधित क्षेत्र के फूड सेफ्टी अधिकारी के डिजिटल डैशबोर्ड पर पहुंच जाएगी, जहां आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत

एफएसएसएआई का मानना है कि इस ऐप के जरिए आम नागरिक भी खाद्य सुरक्षा व्यवस्था का सक्रिय हिस्सा बन सकेंगे। डिजिटल शिकायत प्रणाली से मिलावटी और अस्वच्छ भोजन पर तेजी से कार्रवाई करने में मदद मिलेगी तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।

 

Related posts