पश्चिम बंगाल चुनाव में बड़ा फैसला: फलता सीट का मतदान रद्द, सभी 285 बूथों पर 21 मई को दोबारा वोटिंग होगी

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच चुनाव आयोग ने बड़ा और अहम फैसला लेते हुए फलता विधानसभा सीट का पूरा मतदान रद्द कर दिया है। आयोग ने इस सीट के सभी 285 मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान कराने का आदेश जारी किया है। अब फलता विधानसभा क्षेत्र में 21 मई 2026 को फिर से वोटिंग होगी, जबकि नतीजे 24 मई को घोषित किए जाएंगे।

चुनाव आयोग के मुताबिक पुनर्मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक कराया जाएगा।

फलता सीट पर मैदान में हैं 6 उम्मीदवार

फलता विधानसभा सीट पर कुल 6 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। तृणमूल कांग्रेस की ओर से जहांगीर खान मैदान में हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी ने दिबांगशु पांडा को उम्मीदवार बनाया है।

इसके अलावा कांग्रेस से अब्दुर रज्जाक मोल्ला और CPI(M) से संभु नाथ चुनावी मुकाबले में शामिल हैं। दो निर्दलीय उम्मीदवार भी इस सीट पर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

चुनाव आयोग को मिली थीं गंभीर गड़बड़ियों की शिकायतें

चुनाव आयोग ने बताया कि 29 अप्रैल 2026 को हुए मतदान के दौरान बड़ी संख्या में बूथों पर गंभीर अनियमितताओं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बाधा डालने की शिकायतें सामने आई थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आयोग ने पूरे विधानसभा क्षेत्र में पुनर्मतदान कराने का फैसला किया।

बीजेपी ने भी फलता सीट पर पूर्ण पुनर्मतदान की मांग की थी।

EVM में गड़बड़ी का लगा आरोप

दूसरे चरण के मतदान के दौरान फलता निर्वाचन क्षेत्र के कई बूथों से गड़बड़ी की शिकायतें सामने आई थीं। खास तौर पर देबीपुर स्थित बूथ संख्या 177 को लेकर विवाद काफी बढ़ गया था।

बीजेपी उम्मीदवार दिबांगशु पांडा और कई मतदाताओं ने आरोप लगाया था कि EVM में बीजेपी के चुनाव चिन्ह वाले बटन को सफेद टेप से ढक दिया गया था, जिसकी वजह से मतदाता सही तरीके से वोट नहीं डाल पा रहे थे।

इस मामले की शिकायत चुनाव आयोग से की गई थी।

TMC कार्यकर्ताओं पर धमकी देने के आरोप

फलता क्षेत्र में मतदान के दौरान विरोध प्रदर्शन की खबरें भी सामने आई थीं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया था कि उन्हें तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की ओर से धमकियां दी जा रही थीं।

इन आरोपों के बाद इलाके में राजनीतिक माहौल और ज्यादा गरमा गया था।

डायमंड हार्बर और मगराहाट में भी हुआ था पुनर्मतदान

इससे पहले चुनाव आयोग ने डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों के कई बूथों पर भी पुनर्मतदान का आदेश दिया था। आयोग के निर्देश पर शनिवार को इन इलाकों के 15 मतदान केंद्रों पर दोबारा वोटिंग कराई गई थी।

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को दो चरणों में कराया गया था। बाकी सीटों की मतगणना 4 मई को होगी, जबकि फलता सीट का परिणाम 24 मई को घोषित किया जाएगा।

Related posts