जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे को लेकर राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। इस हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लापरवाही के आरोप में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है।
कई कर्मचारियों की सेवा समाप्त, मैनेजर निलंबित
सरकारी आदेश के अनुसार क्रूज पायलट महेश पटेल, क्रूज हेल्पर छोटेलाल गोंड और टिकट काउंटर प्रभारी बृजेंद्र की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं। वहीं, होटल मैकल रिसॉर्ट और बोट क्लब बरगी के मैनेजर सुनील मरावी को निलंबित किया गया है। इसके अलावा रीजनल मैनेजर संजय मल्होत्रा को मुख्यालय में अटैच करते हुए विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
CM मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि बरगी जलाशय में हुए इस दुखद हादसे में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि सरकार हर संभव मदद के लिए प्रतिबद्ध है।
उच्च स्तरीय जांच समिति गठित
सीएम ने बताया कि हादसे की विस्तृत जांच के लिए एक उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्रूज संचालन को लेकर स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तैयार की जाएगी।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, 28 लोग बचाए गए
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस हादसे में अब तक 28 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है। राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है। NDRF, SDRF और सेना के गोताखोर लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटे हुए हैं और कई लोगों की जान बचाई गई है।
पीड़ित परिवारों से मिले CM, जताई संवेदना
सीएम मोहन यादव ने शुक्रवार को जबलपुर पहुंचकर हादसे में प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि इस हादसे में जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनकी क्षति की भरपाई संभव नहीं है। राज्य सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता दी जाएगी।
बचाव दल को मिलेगा सम्मान
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल सभी लोगों को 51-51 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी और बचाव दल के सभी सदस्यों को सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया जाएगा।
