उत्तर प्रदेश के जौनपुर से सामने आया यह हत्याकांड रिश्तों की सीमाएं तोड़ देने वाला है। खुटहन थाना क्षेत्र के ख्वाजा गांव में देवर ने अपनी ही भाभी की बेरहमी से हत्या कर दी। वजह ऐसी कि सुनकर रूह कांप जाए। आरोपी को यकीन था कि उसकी प्रेमिका की मां की आत्महत्या के पीछे उसकी भाभी का हाथ है। इसी बदले की आग में उसने 1500 किलोमीटर दूर से लौटकर खून की साजिश रची और मौके का इंतजार करता रहा।
हंसते-खेलते परिवार में अचानक पसरा मातम
घटना गुरुवार की है। सुबह तक घर में सब कुछ सामान्य था। परिवार के सभी लोग साथ बैठे, नाश्ता किया और भोजन भी किया। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही घंटों में घर में मातम छा जाएगा। दोपहर के समय जैसे ही आदित्य मौर्य ने अपनी भाभी निशा मौर्य को घर में अकेला देखा, उसने चाकू निकालकर गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिया।
खून से लथपथ हालत में मिली निशा, अस्पताल में तोड़ा दम
चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो निशा खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थी। आनन-फानन में उसे डॉक्टर के पास ले जाया गया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के चलते डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
हत्या के बाद पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और जांच शुरू की। पुलिस ने कुछ ही समय में आरोपी आदित्य मौर्य को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पूछताछ में सामने आई कहानी ने सभी को हैरान कर दिया।
सूरत में भैया-भाभी के साथ रहता था आदित्य
पुलिस जांच में पता चला कि पवन मौर्य अपनी पत्नी निशा और 5 साल की बेटी के साथ गुजरात के सूरत में रहता था। वहीं उसका चचेरा भाई आदित्य मौर्य भी उनके साथ रहकर प्राइवेट नौकरी करता था। इसी दौरान आदित्य का एक युवती से प्रेम संबंध हो गया था।
गर्लफ्रेंड की फोटो वायरल होने से टूटा था सब कुछ
आरोप है कि कुछ दिन पहले निशा मौर्य ने आदित्य और उसकी प्रेमिका की तस्वीरें प्रेमिका की मां को भेज दी थीं। इसके बाद प्रेमिका की मां ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आदित्य और उसकी प्रेमिका का मानना था कि इस आत्महत्या की वजह निशा ही है। तभी से आदित्य के मन में बदले की भावना पनपने लगी।
15 दिन पहले ही गुजरात से लौटा था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, पवन मौर्य और आदित्य मूल रूप से सुल्तानपुर जिले के रहने वाले हैं। करीब 15 दिन पहले पवन अपने परिवार के साथ कानपुर में एक रिश्तेदारी की शादी में शामिल होने आया था। इसके बाद 4 जनवरी को वह अपने ननिहाल जौनपुर के ख्वाजा गांव पहुंचा। इसी दौरान आदित्य भी वहां आया और भाभी को मारने के लिए सही मौके का इंतजार करता रहा।
बदले की सनक में रिश्तों को कुचल डाला
पुलिस का कहना है कि आदित्य ने पूरी वारदात सुनियोजित तरीके से अंजाम दी। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।
