प्रतापगढ़: जनसत्ता दल के अध्यक्ष और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की ओर से आयोजित चार दिवसीय श्रीराम कथा की शुरुआत आज, 17 नवंबर से होगी। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री दोपहर 2 बजे से कथा का वाचन करेंगे। वह सोमवार शाम अपने करीब 60 सहयोगियों के साथ प्रतापगढ़ के बेंती पहुंच चुके हैं।
धीरेंद्र शास्त्री दुबई से प्रयागराज के बमरौली एयरपोर्ट पहुंचे थे। वहां कथा के आयोजक राजा भैया ने उनका स्वागत किया और खुद गाड़ी चलाकर उन्हें बेंती लेकर आए। कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री राजभवन स्थित पंचवटी में चार दिन प्रवास करेंगे। उनके आगमन के बाद पुलिस और प्रशासन ने आयोजन स्थल और आसपास के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है।
कथा को लेकर सियासत भी गरम
कुंडा में होने वाली इस रामकथा को लेकर धार्मिक आयोजन के साथ राजनीतिक बयानबाजी भी तेज है। समाजवादी पार्टी के कुछ नेताओं ने पहले ही धीरेंद्र शास्त्री की कथा का विरोध करने का ऐलान किया था। सपा नेताओं का आरोप है कि धीरेंद्र शास्त्री बीजेपी के एजेंडे को आगे बढ़ाते हैं और चुनाव से पहले धार्मिक मुद्दों को हवा दी जाती है।
वहीं, राजा भैया ने साफ कर दिया था कि रामकथा का आयोजन होकर रहेगा। उन्होंने विरोध करने वालों को चुनौती देते हुए कहा था कि जिसे रोकना है, वह रोककर दिखाए। इस बयान के बाद आयोजन को लेकर राजनीतिक माहौल और गरमा गया।
कब और कहां होगी रामकथा?
श्रीराम कथा का आयोजन कुंडा क्षेत्र के राजभवन बेंती स्थित हवाई पट्टी परिसर में बने योगीराज देवरहा बाबा कथा मंडपम में किया जा रहा है। पहले दिन यानी 17 नवंबर को कथा दोपहर 2 बजे शुरू होगी और शाम 5 से 6 बजे तक चलेगी।
आयोजन के तय कार्यक्रम के मुताबिक, 17 से 19 नवंबर तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से श्रीराम कथा का वाचन होगा। वहीं, 20 नवंबर को कथा के अंतिम दिन पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का दिव्य दरबार लगाया जाएगा।
