‘दिल्ली वाले बड़के भैया’ को भी अयोध्या ले जाएं अखिलेश, रामलला के सामने करें प्रायश्चित: ओम प्रकाश राजभर

OP Rajbhar attacks Akhilesh Yadav, Muzaffarnagar riots SP government, Yogi Adityanath vs Akhilesh Yadav, UP development expressways, UP political news.

लखनऊ: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के रामलला के दर्शन करने संबंधी बयान पर निशाना साधा है। उन्होंने अखिलेश को सलाह दी कि अगर वह अयोध्या जा रहे हैं तो अपने ‘दिल्ली वाले बड़के भैया’ को भी साथ लेकर जाएं। राजभर ने कांग्रेस की पुरानी राजनीति का जिक्र करते हुए रामलला के सामने प्रायश्चित करने और कारसेवकों की आत्माओं से क्षमा मांगने की बात कही। हालांकि, उन्होंने अखिलेश के अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने के विचार का स्वागत भी किया।

राजभर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि अखिलेश अपने ‘दिल्ली वाले बड़के भैया’ को भी अयोध्या लेकर जाएं। उनके मुताबिक, उनकी मां और पार्टी ने भगवान श्रीराम को काल्पनिक बताया था। राजभर ने कहा कि उन्हें अयोध्या जाकर अपनी आंखों से देखना चाहिए कि भगवान राम कोई कल्पना नहीं हैं और अयोध्या ही रामलला की जन्मभूमि है।

उन्होंने अपनी पोस्ट में यह भी दावा किया कि विदेशी आक्रांताओं ने राम जन्मभूमि पर मंदिर तोड़कर मस्जिद बनाई थी। राजभर ने कहा कि अखिलेश अपने बड़े भाई से यह भी कहें कि वे कांग्रेस की ऐतिहासिक गलतियों को आगे नहीं ढोएंगे और रामलला के सामने सिर झुकाकर अपने पूर्वजों की गलतियों का प्रायश्चित करेंगे।

कारसेवकों की आत्माओं से माफी मांगने की भी कही बात

ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि अयोध्या में रामलला के दर्शन के दौरान उन्हें उन कारसेवकों की आत्माओं से भी क्षमा मांगनी चाहिए, जिन पर सपा सरकार के समय गोली चलवाई गई थी। उन्होंने मुस्लिम वोटों की राजनीति को लेकर भी तंज कसा और कहा कि अखिलेश ने बहुत टोपी पहनी और मुसलमानों को भी बहुत ‘टोपी’ पहनाई। राजभर ने सवाल किया कि जब आखिरकार भगवान राम की शरण में ही आना था तो इतनी देर क्यों की?

हालांकि, उन्होंने अखिलेश के अयोध्या जाने के विचार को स्वागतयोग्य बताया। राजभर ने कहा कि देर से ही सही, उन्हें रामलला के दर्शन के लिए जरूर जाना चाहिए। उनके मुताबिक, अयोध्या की पावन धरती पर पहुंचकर राजनीति से ऊपर उठकर कुछ सच्चाई को समझने का अवसर मिल सकता है।

‘इस बार वीडियो देखिए, अगले दीपोत्सव में खुद अयोध्या आइए’

राजभर ने अखिलेश यादव को दीपावली और दीपोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए अगले साल के आयोजन का न्योता भी दिया। उन्होंने उन लोगों पर तंज कसा, जो यह दावा कर रहे हैं कि अयोध्या का यह आखिरी दीपोत्सव था। राजभर ने कहा कि अगले वर्ष भी भव्य दीपोत्सव होगा, लाखों दीप जलेंगे और रामनगरी रोशनी से जगमगाएगी।

उन्होंने अखिलेश को इस बार के दीपोत्सव का वीडियो देखने की सलाह देते हुए कहा कि राम की पैड़ी पर पैर रखने तक की जगह नहीं बची थी। राजभर ने कहा कि इस जनसैलाब को केवल भीड़ के रूप में नहीं देखना चाहिए, बल्कि लोगों की आस्था, उनके चेहरों के भाव और लोक की भावना को समझना चाहिए।

उन्होंने कहा, “राम को समझना है तो पहले ‘लोक’ को समझिए। जिस दिन ‘लोक’ समझ में आ गया, उस दिन राम भी समझ में आ जाएंगे।”

राजभर ने अखिलेश को अगले दीपोत्सव में खुद अयोध्या आने का आमंत्रण देते हुए कहा कि इस बार वह वीडियो में आयोजन देखें और अगली बार राम की पैड़ी पर पहुंचकर दीपोत्सव का अनुभव करें।

Related posts