बाराबंकी: सावन के दूसरे सोमवार पर श्रीलोधेश्वर महादेव में जल चढ़ाने जा रहे तीन कांवड़ियों के साथ देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। फतेहपुर क्षेत्र में करीब रात एक बजे उनकी बाइक सड़क किनारे खड़ी कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। हादसे में दो कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल है। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, फतेहपुर नगर पंचायत के जोशी टोला निवासी शैलेंद्र उर्फ हेमल जोशी (25) अपने साथी सचिव जोशी (24) और शक्तिमान (23) के साथ एक ही बाइक से रामनगर स्थित श्रीलोधेश्वर महादेव तीर्थ के लिए निकले थे। तीनों सावन के दूसरे सोमवार पर भगवान शिव को जल चढ़ाने जा रहे थे।
बताया गया कि तीनों कांवड़िए सूरतगंज मार्ग से होकर आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान दादनपुर के पास उनकी बाइक सड़क पर खड़ी कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने शैलेंद्र उर्फ हेमल जोशी और शक्तिमान को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सचिव जोशी का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सावन के दूसरे सोमवार पर मंदिर में जलाभिषेक के लिए निकले कांवड़ियों के साथ हुए इस हादसे की खबर से इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
