मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। शाहपुर थाना क्षेत्र के शहजुड़ी गांव निवासी रोहित की हत्या किसी पुराने दुश्मन ने नहीं, बल्कि उसकी पत्नी के कथित प्रेमी ने की थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी पशु चिकित्सक डॉ. राहुल ने रोहित को उसके बेटे के जन्मदिन के दिन घर से बुलाया, शराब पिलाई और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। बाद में शव को नाले के पास फेंक दिया गया।
पशुओं का इलाज करते-करते बढ़ीं नजदीकियां
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी डॉ. राहुल आसपास के गांवों में पशुओं का इलाज करता था और इसी सिलसिले में उसका रोहित के घर आना-जाना था। इसी दौरान उसकी रोहित की पत्नी से नजदीकियां बढ़ गईं। जब रोहित को इस संबंध की जानकारी हुई तो वह इसका विरोध करने लगा, जिससे दोनों के बीच तनाव बढ़ गया।
बर्थडे सेलिब्रेशन के बीच घर से बुलाकर ले गया
जानकारी के मुताबिक, घटना वाली रात रोहित अपने बेटे का जन्मदिन मना रहा था। इसी दौरान डॉ. राहुल ने उसे मिलने के बहाने घर से बुलाया। आरोप है कि राहुल उसे एक ट्यूबवेल पर ले गया, जहां पहले उसे शराब पिलाई गई और बाद में गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने के इरादे से शव को खेत के पास नाले किनारे फेंक दिया।
गुमशुदगी से शुरू हुई जांच, शव मिलने के बाद खुला राज
रोहित के पिता मेहर सिंह ने बेटे के लापता होने की शिकायत पुलिस से की थी। उन्होंने बताया था कि रोहित रात करीब आठ बजे राहुल के बुलावे पर घर से गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की। बाद में 21 जून को गांव के जंगल क्षेत्र से रोहित का शव बरामद हुआ, जिसके बाद मामला हत्या में बदल गया।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दबोचा आरोपी
हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने विशेष टीमें गठित की थीं। जांच के दौरान राहुल पर शक गहराया और रविवार देर रात सौरम पुलिया के पास पुलिस की उससे मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में राहुल के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पूछताछ में कबूला जुर्म, मोबाइल और हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतक का मोबाइल फोन, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ में राहुल ने कथित तौर पर प्रेम संबंधों और रोहित की हत्या की साजिश रचने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।
