गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में बुधवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी से सटे गौड़ बिजनेस पार्क की इमारत में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि बिल्डिंग में लगे 12 से ज्यादा एसी एक के बाद एक तेज धमाकों के साथ फट गए। धमाकों और आग की ऊंची लपटों से आसपास रहने वाले लोग दहशत में आ गए। आग पहली मंजिल पर बने एक ऑफिस से शुरू हुई और कुछ ही देर में बेसमेंट से लेकर तीसरी मंजिल तक फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रात करीब 11 बजे एक आउटलेट में लगे एसी से निकली चिंगारी नीचे लगे दूसरे एसी पर जा गिरी, जिसके बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते आग सीढ़ियों के पास बने लकड़ी के ढांचे और बिजली के तारों के जरिए ऊपर की ओर फैलने लगी। आग बढ़ते-बढ़ते ऑफिस के सर्वर रूम तक पहुंच गई। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने दमकल उपकरणों की मदद से सर्वर रूम में लगी आग को फैलने से रोकने की कोशिश की। इसी दौरान बिल्डिंग में लगे फायर स्प्रिंक्लर भी चालू हो गए, जिससे अंदरूनी हिस्से में आग फैलने से बचाव हुआ।
12 दमकल गाड़ियों ने एक घंटे में पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 12 गाड़ियों को लगाया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय इमारत के भीतर कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
सोसाइटी के फ्लैटों तक पहुंचीं आग की लपटें
आग की तपिश और धुआं पास स्थित गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी तक पहुंच गया। कई फ्लैटों में धुआं भरने लगा, जिसके बाद पुलिस और दमकल विभाग ने एहतियातन छह फ्लैट खाली करा दिए। इस दौरान सोसाइटी में रहने वाले लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। आग की चपेट में आकर एक फ्लैट के बाहर लगा एसी भी फट गया। हालांकि वह फ्लैट बंद होने की वजह से बड़ा हादसा टल गया।
सोसाइटी के ई-ब्लॉक में रहने वाली एक महिला निवासी ने बताया कि रात करीब पौने 12 बजे उनके घरेलू सहायक ने आग लगने की जानकारी दी। आग की लपटें फ्लैट तक पहुंच रही थीं। ऐसे में सहायक ने बाथरूम की पाइप से लगातार पानी डालकर आग को फ्लैट तक पहुंचने से रोके रखा।
दीवार तोड़कर और शटर काटकर अंदर पहुंचीं टीमें
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि जब दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं तो बिल्डिंग के प्रवेश द्वार बंद थे। ऐसे में राहत और बचाव कार्य के लिए दो जगह दीवार तोड़ी गई और शटर काटे गए। चार टीमें सामने से और दो टीमें पीछे से आग बुझाने में लगी रहीं। आग से बिजली के तार, लकड़ी का ढांचा और एसी पूरी तरह जल गए। बेसमेंट में बने कुछ आउटलेट्स को भी नुकसान पहुंचा है, लेकिन अन्य ऑफिसों में आग फैलने से रोक लिया गया।
दो अन्य जगहों पर भी लगी आग
दमकल विभाग के मुताबिक, गौड़ बिजनेस पार्क में आग बुझाने के दौरान शहर के दो अन्य इलाकों से भी आग लगने की सूचना मिली। भोवापुर में एक तीन मंजिला इमारत की दुकान में आग लग गई थी, जहां ऊपर रहने वाले लोग फंस गए थे। वहीं वसुंधरा स्थित एक स्कूल के बिजली पैनल में भी आग लगने की खबर मिली। दमकल की टीमों ने दोनों जगह पहुंचकर समय रहते आग पर काबू पाया और भोवापुर में फंसे 20 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
