दिल दहला देने वाली वारदात! 7 महीने के मासूम को पानी के टैंक में डुबोकर मारने का आरोप, मामी समेत 3 हिरासत में

आसनसोल (पश्चिम बंगाल): रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना में 7 महीने के मासूम बच्चे का शव घर के पानी के टैंक से बरामद हुआ है। मामला पश्चिम बंगाल के आसनसोल के कुलटी थाना क्षेत्र अंतर्गत बराकर के बालतोड़िया वार्ड संख्या 66 का है। परिजनों ने बच्चे की सगी मामी पर उसे पानी में डुबोकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मायके में रह रही थी मां, बेंगलुरु में है पिता

जानकारी के मुताबिक, मृत बच्चा इस्माइल अंसारी का नाती था। इस्माइल अंसारी अपनी पत्नी गुलशन आरा, बेटे शाहनवाज अंसारी की पत्नी सानिया प्रवीण और अन्य परिवारजनों के साथ रहते हैं। शाहनवाज अंसारी फिलहाल बेंगलुरु में नौकरी कर रहे हैं। सानिया की एक 10 महीने की बेटी भी है।

बताया जा रहा है कि इस्माइल अंसारी की बेटी मुस्कान खातून की शादी बलतोड़िया निवासी मुस्तफा अंसारी से हुई है। मुस्तफा पेशे से ड्राइवर है और काम के सिलसिले में बिहार के जमुई गया हुआ था। इसी दौरान मुस्कान अपने 7 महीने के बेटे के साथ मायके में रह रही थी।

नाना-नानी के स्नेह को लेकर घर में कथित तनाव

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, नाना-नानी अपने नाती पर अत्यधिक स्नेह जताते थे। आरोप है कि इसी बात को लेकर घर में कथित रूप से तनाव का माहौल बन गया था। परिजनों का कहना है कि इसी से नाराज होकर सानिया प्रवीण ने शुक्रवार तड़के सोते समय बच्चे को उठाया और घर के पानी के टैंक में डुबो दिया।

हालांकि, पुलिस अभी सभी एंगल से जांच कर रही है और आधिकारिक तौर पर किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की गई है।

सुबह पानी लेने पहुंचे तो टैंक में दिखा मासूम

परिजनों के मुताबिक, रोजा खोलने और नमाज की तैयारी के लिए इस्माइल अंसारी सुबह जब पानी लेने टैंक के पास पहुंचे, तो उन्होंने बच्चे को पानी में डूबा देखा। आनन-फानन में उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बेटे की हालत देखकर मां मुस्कान बेसुध हो गई और रोते हुए सानिया पर हत्या का आरोप लगाया।

3 लोग हिरासत में, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की सूचना मिलते ही बराकर पुलिस फाड़ी की टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस ने पूछताछ के लिए सानिया प्रवीण, नाना इस्माइल अंसारी और नानी गुलशन आरा को हिरासत में लिया है।

अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत पूछताछ के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पूरे इलाके में इस घटना को लेकर दहशत और शोक का माहौल है।

Related posts