वाराणसी। काशी समेत प्रदेश की कुल 18 कचहरियों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। इसमें अयोध्या, मथुरा और प्रयागराज जैसे प्रमुख शहर शामिल हैं। वाराणसी कचहरी को उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल जिला जज को प्राप्त हुआ, जिसके बाद तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया।
यह ई-मेल जिला जज संजीव शुक्ला की विभागीय ई-मेल आईडी पर गुरुवार रात करीब 1:10 बजे भेजा गया। मेल भेजने वाले ने खुद को सन्निया दसन बताया है और ‘पवित्र शुक्रवार’ को दोपहर 12 बजे 18 बम धमाकों की धमकी दी है। ई-मेल में जजों और वकीलों को जान से मारने की बात भी लिखी गई है।
धमकी मिलने के बाद जिला जज ने बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की और पुलिस को सूचना दी। मौके पर भारी पुलिस बल, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड तैनात कर दिए गए हैं। कचहरी परिसर को खाली कराया जा रहा है और वकीलों व स्टाफ से बाहर निकलने की अपील की गई है।
सुरक्षा के मद्देनज़र कैंट रेलवे स्टेशन से लेकर काशी विश्वनाथ मंदिर सहित शहर के प्रमुख स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। डीसीपी प्रमोद कुमार ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पुलिस चौकियों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
