नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट को एक और उभरता हुआ सितारा मिल चुका है। वैभव सूर्यवंशी 27 मार्च को अपना 15वां जन्मदिन मना रहे हैं और बेहद कम उम्र में ही उन्होंने क्रिकेट जगत में अपनी खास पहचान बना ली है। आईपीएल से लेकर अंडर-19 स्तर तक लगातार शानदार प्रदर्शन करने वाले इस युवा बल्लेबाज को अब टीम इंडिया में शामिल किए जाने की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
15 साल पूरे होते ही खुला इंटरनेशनल क्रिकेट का रास्ता
आईसीसी के नियमों के मुताबिक किसी भी खिलाड़ी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू के लिए कम से कम 15 साल का होना जरूरी है। साल 2020 में लागू किए गए इस नियम के बाद अब वैभव सूर्यवंशी के लिए सीनियर टीम का रास्ता खुल गया है। अगर वह अपने मौजूदा फॉर्म को जारी रखते हैं, तो जल्द ही उन्हें भारत के लिए खेलने का मौका मिल सकता है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में टी20 फॉर्मेट में युवा खिलाड़ियों को मौका देने की रणनीति के तहत उन्हें मौका मिल सकता है।
आईपीएल में धमाकेदार प्रदर्शन से बटोरी सुर्खियां
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2025 में शानदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा था। उन्होंने 7 मैचों में 35 की औसत से 252 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल रहा। खास बात यह रही कि उन्होंने गुजरात के खिलाफ मुकाबले में सिर्फ 35 गेंदों पर शतक जड़ दिया, जो टूर्नामेंट में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा सबसे तेज शतक रहा। उस पारी में उन्होंने 38 गेंदों में 101 रन बनाकर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी का दम दिखाया।
U19 और घरेलू क्रिकेट में भी जारी है बल्ले का जलवा
टी20 फॉर्मेट में वैभव अब तक 18 मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 204.37 के शानदार स्ट्राइक रेट से 701 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके नाम 3 शतक और 1 अर्धशतक दर्ज हैं। वहीं लिस्ट ए क्रिकेट में उन्होंने 8 मैचों में 353 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है। उनका स्ट्राइक रेट 164.95 का रहा है। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में भी उन्होंने 8 मैचों की 12 पारियों में 207 रन बनाए हैं।
U19 वर्ल्ड कप फाइनल में खेली यादगार पारी
वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 175 रनों की तूफानी पारी खेलकर टीम इंडिया को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। इस पारी ने उन्हें रातोंरात सुर्खियों में ला दिया और क्रिकेट विशेषज्ञों ने उन्हें भविष्य का बड़ा सितारा करार दिया।
अब IPL 2026 में फिर नजरें वैभव पर
आईपीएल 2026 में एक बार फिर सभी की नजरें वैभव सूर्यवंशी पर टिकी होंगी। जिस तरह से उन्होंने पिछले सीजन में प्रदर्शन किया, उससे उम्मीद की जा रही है कि इस बार भी वह अपने बल्ले से धमाल मचाएंगे और टीम इंडिया के दरवाजे पर और मजबूत दस्तक देंगे।
