बिहार में आज से शुरू होगी 10वीं बोर्ड परीक्षा, सीसीटीवी और थ्री-स्टेप सुरक्षा के बीच होगी निगरानी

मुजफ्फरपुर। बिहार में 10वीं (मैट्रिक) बोर्ड परीक्षा आज 17 फरवरी से शुरू हो रही है। जिले के 82 परीक्षा केंद्रों पर कुल 67,297 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इस बार छात्राओं की संख्या छात्रों से अधिक है, जिसमें 36,353 छात्राएं और 30,944 छात्र शामिल हैं। जिला प्रशासन ने परीक्षा को कड़ाई और सुरक्षित तरीके से आयोजित करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

सख्त सुरक्षा व्यवस्था और थ्री-स्टेप तलाशी

परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार पर सभी परीक्षार्थियों की सघन थ्री-स्टेप तलाशी की जाएगी। महिला परीक्षार्थियों की तलाशी महिला केंद्राधीक्षक और महिला वीक्षक करेंगे। जूता-मोजा पहनकर आने वाले छात्रों को प्रवेश नहीं मिलेगा और उन्हें केवल चप्पल पहनकर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने की अनुमति होगी। परीक्षा कक्ष में वीडियोग्राफी के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों से निगरानी भी की जाएगी।

त्रिस्तरीय मजिस्ट्रेट और पुलिस बल तैनाती

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने जिलाधिकारी और जिला शिक्षा पदाधिकारी को स्वच्छ, कदाचारमुक्त और निष्पक्ष परीक्षा संचालन के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा केंद्रों पर त्रिस्तरीय मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है – जोनल, सब-ज़ोनल और सुपर जोनल स्तर पर। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, महिला पुलिस सहित अधिकारियों को भी तैनात किया गया है।

सावधानियां और परीक्षा संचालन

एक बेंच पर केवल दो परीक्षार्थी बैठेंगे और प्रश्नपत्र का बंडल परीक्षा कक्ष में दो छात्रों के हस्ताक्षर के बाद ही खोला जाएगा। सभी परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का समय मिलेगा। परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व बंद कर दिया जाएगा। प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से 12:45 बजे और द्वितीय पाली दोपहर 2:00 बजे से 5:15 बजे तक आयोजित होगी।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले परीक्षा भवन में प्रवेश कर लेना अनिवार्य है। विलंब से आने वाले किसी भी परीक्षार्थी को किसी भी परिस्थिति में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी केंद्राधीक्षक, वीक्षक और पुलिस बल सुबह 7 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचेंगे।

मोबाइल और व्यक्तिगत सामान पर सख्ती

केंद्राधीक्षक को छोड़कर किसी भी व्यक्ति को मोबाइल फोन रखने की अनुमति नहीं है। सभी परीक्षार्थी केवल आवश्यक सामग्री के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश करेंगे। जूता-मोजा पहनकर परीक्षा में शामिल होने वाले किसी भी छात्र को प्रवेश नहीं मिलेगा।

Related posts