मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। छजलैट क्षेत्र के कांठ रोड पर लदावली के पास गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली और रोडवेज बस की टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के मुताबिक, मुरादाबाद डिपो की रोडवेज बस शनिवार सुबह बिजनौर जा रही थी। कांठ रोड पर लदावली के पास बस और गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच टक्कर हो गई। हादसे में बस सवार कई लोग घायल हो गए, जबकि छह लोगों की जान चली गई।
मां-बेटे समेत छह लोगों की मौत
इस हादसे में अर्चना और उनके बेटे सुशांत, जो छजलैट क्षेत्र के सदुपुरा के निवासी बताए गए हैं, की मौत हो गई। इसके अलावा नूरपुर, बिजनौर निवासी लोकेंद्र और दीपिका चौहान समेत कुल छह लोगों की जान गई है। दो मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि मृतकों के शव मोर्चरी में रखे गए हैं।
अधिकारियों ने घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एएसपी अभिनव द्विवेदी ने शवगृह पहुंचकर मृतकों के परिजनों से जानकारी ली। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
