पीलीभीत: पीलीभीत टाइगर रिजर्व में नए पर्यटन सत्र से सप्ताहांत में घूमने का खर्च बढ़ने जा रहा है। शनिवार और रविवार को यहां आने वाले पर्यटकों को अब पहले की तुलना में ज्यादा टिकट शुल्क देना होगा। सामान्य दिनों में टिकट की दर में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
अब तक शनिवार और रविवार को भारतीय पर्यटकों के लिए प्रति व्यक्ति टिकट 150 रुपये था, जिसे बढ़ाकर 200 रुपये कर दिया गया है। वहीं सोमवार से शुक्रवार तक पहले की तरह 120 रुपये प्रति व्यक्ति टिकट शुल्क ही देना होगा। विदेशी पर्यटकों के लिए भी टिकट दर बढ़ाई गई है। उन्हें अब 800 रुपये की जगह 1000 रुपये प्रति व्यक्ति भुगतान करना होगा।
पर्यटन सत्र 2026-27 की दरों को मंजूरी
वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना की अध्यक्षता में हुई पीलीभीत बाघ संरक्षण फाउंडेशन के शासी निकाय की बैठक में फाउंडेशन के कामकाज की समीक्षा की गई। इसी बैठक में पर्यटन सत्र 2026-27 के लिए प्रस्तावित नई दरों को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही पीलीभीत टाइगर रिजर्व में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 1.96 करोड़ रुपये का बजट भी स्वीकृत किया गया।
बैठक में ईको टूरिज्म को विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। नए पर्यटन सत्र को लेकर जरूरी तैयारियों और योजनाओं पर भी चर्चा की गई।
मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने के प्रयासों की सराहना
बैठक में प्रमुख सचिव वन, प्रधान मुख्य वन संरक्षक और कार्यकारिणी के नामित सदस्यों ने विभिन्न मुद्दों पर अपने सुझाव रखे। वन मंत्री ने पीलीभीत टाइगर रिजर्व और आसपास के इलाकों में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को रोकने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मानव-वन्यजीव संघर्ष से प्रभावित ग्रामीणों और उनके परिवारों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाया जाए। साथ ही सरकार की ओर से मिलने वाली सुविधाएं प्रभावित लोगों तक तत्काल पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
ईको टूरिज्म के साथ संरक्षण पर भी रहेगा जोर
बैठक में बाघ संरक्षण फाउंडेशन के माध्यम से किए जाने वाले विभिन्न कार्यों की योजनाएं भी प्रस्तुत की गईं। जंगल में पर्यावरण संरक्षण के साथ पर्यटन को बढ़ावा देने के उपायों पर कई स्तरों पर विचार-विमर्श हुआ।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व में ईको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए पर्यटकों को पर्यावरण के अनुकूल सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। साथ ही पर्यटन गतिविधियों के विस्तार के दौरान वन और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की बात कही गई।
फाउंडेशन की आय बढ़ाने की योजना
बैठक में वन राज्य मंत्री केपी मलिक और प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं विभागाध्यक्ष सुनील चौधरी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रमुख सचिव वन वी. हेकाली झिमोमी ने कहा कि पीलीभीत टाइगर रिजर्व फाउंडेशन की आय के स्रोत बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके अलावा स्वैच्छिक दानदाताओं को फाउंडेशन में योगदान के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
