चंडीगढ़: पंजाब में सरकारी कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त हो गई है। विभिन्न मांगों पर सरकार के साथ सहमति बनने और मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ बैठक का भरोसा मिलने के बाद कर्मचारियों ने आंदोलन वापस लेने का फैसला किया है। हड़ताल खत्म होने के साथ ही अब सरकारी दफ्तरों में कामकाज फिर से सामान्य होने की उम्मीद है।
सरकार ने वापस लिया शो कॉज नोटिस
हड़ताल समाप्त होने के बाद राज्य सरकार ने कर्मचारियों को 27 अगस्त को जारी किया गया शो कॉज नोटिस भी वापस लेने का निर्णय लिया है। इसके अलावा महंगाई भत्ता (डीए) से जुड़े मुद्दे पर मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ कर्मचारियों की बैठक कराने पर भी सहमति बनी है। हालांकि, इस बैठक की तारीख अभी तय नहीं की गई है।
11 सितंबर तक हड़ताल जारी रखने का था फैसला
इससे पहले कर्मचारियों ने अपनी मांगें पूरी नहीं होने पर 11 सितंबर तक सामूहिक अवकाश लेकर हड़ताल जारी रखने का ऐलान किया था। सरकार की ओर से ‘नो वर्क, नो पे’ नीति लागू किए जाने के बाद कर्मचारियों ने आंदोलन को और आगे बढ़ाने का फैसला किया था।
चीफ सेक्रेटरी के साथ बैठक के बाद बनी सहमति
बुधवार को चीफ सेक्रेटरी के साथ हुई बैठक में दोनों पक्षों के बीच विभिन्न मुद्दों पर सहमति बनी। इसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा कर दी। इस फैसले के साथ ही प्रदेश में सरकारी कार्यालयों और प्रशासनिक कार्यों के फिर से सुचारु रूप से संचालित होने का रास्ता साफ हो गया।
