मऊ: उत्तर प्रदेश के मऊ में गलत ब्लड ग्रुप का खून चढ़ाने से एक बच्चे को ब्लड कैंसर होने के आरोप में दो चिकित्सकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के डुमरांव की रहने वाली शकुंतला देवी की शिकायत पर न्यायालय के आदेश के बाद शहर कोतवाली में एफआईआर दर्ज हुई है। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी नगर नीतेश प्रताप सिंह कर रहे हैं।
शकुंतला देवी के मुताबिक, उनके पोते अभिनव की तबीयत खराब होने पर उसे बुनाई विद्यालय स्थित विवान चाइल्ड केयर यूनिट में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विवेक कुमार सिंह के पास ले जाया गया था। उपचार के दौरान खून की जरूरत पड़ने पर सहादतपुरा स्थित शारदा नारायण हॉस्पिटल के ब्लड बैंक से रक्त मंगवाया गया।
आरोप है कि बच्चे के लिए ‘O’ ग्रुप का खून मांगा गया था, लेकिन ब्लड बैंक से ‘B’ ग्रुप का रक्त दे दिया गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि डॉक्टर ने बिना उचित जांच और सावधानी के बच्चे को गलत ब्लड ग्रुप का खून चढ़ा दिया। इसके बाद उसकी तबीयत और बिगड़ गई।
कई दिन भर्ती रहने के बाद भी नहीं सुधरी हालत
परिजनों के अनुसार, बच्चे को चार-पांच दिन तक विवान चाइल्ड केयर यूनिट में भर्ती रखा गया। 16 नवंबर 2024 को कुछ दवाएं देकर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, लेकिन दवाओं से उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ।
तबीयत दोबारा बिगड़ने पर परिवार उसे फिर बाल रोग विशेषज्ञ के पास लेकर पहुंचा। आरोप है कि 3 फरवरी 2025 को डॉक्टर ने बच्चे को डिस्चार्ज कर कहीं और उपचार कराने की सलाह दी। इसके बाद परिजन 20 फरवरी 2025 को उसे लखनऊ स्थित संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) ले गए और भर्ती कराया।
ब्लड कैंसर का पता चलने के बाद कीमोथेरेपी जारी
शिकायतकर्ता का दावा है कि एसजीपीजीआई में जांच के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि गलत ब्लड ग्रुप का खून चढ़ने के कारण बच्चे को ब्लड कैंसर हो गया है। ब्लड रिपोर्ट आने के बाद से उसकी कीमोथेरेपी चल रही है।
शकुंतला देवी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि चिकित्सकों की लापरवाही के चलते उनके पोते को गलत रक्त चढ़ाया गया, जिससे उसे गंभीर बीमारी का सामना करना पड़ा। उनका कहना है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया, जिसके बाद उन्हें न्यायालय का रुख करना पड़ा।
न्यायालय के आदेश पर बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विवेक कुमार सिंह और डॉ. संजय सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शहर कोतवाल प्रमेंद्र ने बताया कि अदालत के आदेश के बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी नगर कर रहे हैं।
