तेहरान: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। ईरान ने वॉशिंगटन को साफ चेतावनी दी है कि वह जवाबी कार्रवाई के लिए अमेरिकी हमले का इंतजार नहीं करेगा। ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने आरोप लगाया है कि अमेरिका कूटनीतिक बातचीत का इस्तेमाल एक और सैन्य अभियान की तैयारी के लिए कर सकता है। उन्होंने कहा कि तेहरान कूटनीति, आर्थिक नाकेबंदी और सैन्य हमले समेत हर संभावित स्थिति के लिए तैयार है।
फार्स समाचार एजेंसी के जरिए प्रसारित एक साक्षात्कार में गरीबाबादी ने ईरानी सरकारी टेलीविजन से बातचीत के दौरान अमेरिका की रणनीति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ईरान मौजूदा हालात को सामान्य शांति की स्थिति नहीं मानता और उसे अब भी संघर्ष की आशंका बनी हुई है।
‘ईरान न क्यूबा है, न वेनेजुएला’
गरीबाबादी ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा, “ईरान कोई क्यूबा नहीं है, जिसकी आप घेराबंदी कर सकें और न ही यह वेनेजुएला है, जिसे आप आत्मसमर्पण करने के लिए मजबूर कर सकें।”
उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी सेनाएं अब तक हवाई या जमीनी घेराबंदी के जरिए अपने उद्देश्य हासिल करने में सफल नहीं रही हैं। उप विदेश मंत्री ने यह भी कहा कि ईरान का इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) नई रेंज वाली मिसाइलें विकसित कर रहा है।
गरीबाबादी के मुताबिक, अमेरिका के साथ संबंधों में ईरान तीन संभावित परिस्थितियों को ध्यान में रखकर तैयारी कर रहा है। इनमें कूटनीतिक बातचीत, आर्थिक नाकेबंदी और सैन्य कार्रवाई शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ईरान अभी भी युद्ध की स्थिति में है और इसे न तो युद्ध और न ही शांति वाली स्थिति मानना सही होगा।
परमाणु ठिकानों के निरीक्षण पर ईरान ने रखी शर्त
ईरान ने अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) के निरीक्षकों को अपने परमाणु ठिकानों तक पहुंच देने के मामले में भी शर्तें रखी हैं। गरीबाबादी ने कहा कि जब तक तेहरान की मांगें पूरी नहीं होतीं और युद्ध स्थायी रूप से समाप्त नहीं हो जाता, तब तक IRGC ईरान की परमाणु सुविधाओं के निरीक्षण की अनुमति नहीं देगा।
यह बयान ऐसे समय आया है, जब संयुक्त राष्ट्र की परमाणु निगरानी संस्था ईरान से अपनी परमाणु सुविधाओं तक निरीक्षकों की पहुंच बहाल करने की मांग कर रही है। इसमें वे ठिकाने भी शामिल हैं, जिन्हें संघर्ष के दौरान नुकसान पहुंचा था।
गरीबाबादी ने एजेंसी के निरीक्षण अनुरोध पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि क्षतिग्रस्त परमाणु ठिकानों का दौरा करने के पीछे अमेरिका के हथियारों की प्रभावशीलता का आकलन करने का उद्देश्य हो सकता है। उन्होंने कहा कि अमेरिका को पहले यह गारंटी देनी होगी कि ईरान की सभी शर्तों का सम्मान किया जाएगा।
‘अमेरिका ने डेढ़ साल में तीन बार तोड़ा भरोसा’
ईरान ने अमेरिका के साथ संभावित राजनयिक समझौते को लेकर भी अविश्वास जताया है। IRNA को दिए एक टीवी साक्षात्कार में गरीबाबादी ने आरोप लगाया कि बातचीत के दौरान अमेरिका ने बार-बार तेहरान का भरोसा तोड़ा है।
उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ साल में अमेरिका ने कम से कम तीन बार अपनी बदनीयती दिखाई है। उनके मुताबिक, इससे यह साबित होता है कि कूटनीतिक बातचीत की मेज पर वॉशिंगटन पर भरोसा करना मुश्किल है।
ईरान ने समझौते के लिए रखीं ये शर्तें
ईरान ने किसी भी समझौते के लिए कई मांगें सामने रखी हैं। इनमें सभी मोर्चों पर युद्ध का स्थायी अंत, अमेरिका की ओर से लगाए गए आर्थिक प्रतिबंधों को हटाना और विदेशों में फ्रीज की गई ईरानी संपत्तियों से जुड़े विवाद का समाधान शामिल है। तेल क्षेत्र पर लगे प्रतिबंध हटाने की मांग भी इसमें शामिल है।
इसके अलावा तेहरान चाहता है कि क्षेत्र में पिछले समझौते के बाद तैनात किए गए नए अमेरिकी सैन्य उपकरणों और बलों के मुद्दे पर भी बातचीत हो।
होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने के लिए दो दिन का प्रस्ताव
गरीबाबादी ने बताया कि ईरान ने युद्ध समाप्त करने और होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा खोलने के लिए सात दिन की समय-सीमा का प्रस्ताव दिया था। मध्यस्थों के साथ पिछले दो महीनों में हुई बातचीत के बाद इसे घटाकर दो दिन कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि इन कदमों को दो दिनों के भीतर पूरा किया जा सकता है, जिससे होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने का रास्ता साफ हो सकता है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरान का यह प्रस्ताव अभी विचाराधीन है।
