शेख हसीना की वापसी की आहट से बांग्लादेश में बवाल! अवामी लीग समर्थकों ने फूंकी पुलिस की बख्तरबंद गाड़ी, सड़कों पर उतरे सैकड़ों लोग

ढाका: बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वतन वापसी को लेकर राजनीतिक तनाव बढ़ता जा रहा है। रविवार को उनके गृह जिले गोपालगंज में अवामी लीग के समर्थकों ने हिंसक प्रदर्शन किया। सैकड़ों प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए और पुलिस की एक बख्तरबंद गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने एक पुलिस चौकी में तोड़फोड़ भी की। हालात बिगड़ने के बाद सरकार ने जिले में अर्धसैनिक बलों की तैनाती कर दी है।

अधिकारियों और मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, प्रदर्शन में शामिल कई लोगों के हाथों में धारदार हथियार और भाले थे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ी और गोपालगंज शहर की कई सड़कों पर पहुंच गए। इस विरोध प्रदर्शन में महिला कार्यकर्ता भी शामिल हुईं।

हसीना की वापसी की चर्चा के बीच क्यों भड़की हिंसा?

गोपालगंज में यह प्रदर्शन ऐसे समय हुआ है, जब शेख हसीना के दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की चर्चाएं तेज हैं। अगस्त 2024 में छात्रों के नेतृत्व में हुए विद्रोह के बाद उनकी सरकार गिर गई थी। इसके बाद हसीना बांग्लादेश छोड़कर भारत में रह रही हैं।

नवंबर 2025 में बांग्लादेश के इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ उनकी सरकार की कार्रवाई से जुड़े मामले में हसीना को मानवता के खिलाफ अपराध का दोषी ठहराया था। उनकी गैरमौजूदगी में अदालत ने उन्हें मौत की सजा सुनाई थी। हालांकि, हसीना ने आरोपों और कानूनी कार्रवाई को खारिज किया था।

दिसंबर में लौटने की बात कह चुकी हैं शेख हसीना

79 वर्षीय शेख हसीना कई बार कह चुकी हैं कि वह दिसंबर में बांग्लादेश लौटना चाहती हैं। उन्होंने यह भी कहा है कि वह अपने खिलाफ चल रही कानूनी कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार हैं, भले ही उन्हें मौत की सजा सुनाई गई हो।

बांग्लादेश सरकार द्विपक्षीय प्रत्यर्पण संधि के तहत भारत से हसीना को वापस सौंपने की मांग कर रही है। उनकी वापसी का रास्ता आसान बनाने के लिए लंदन की एक लॉ फर्म के जरिए पासपोर्ट हासिल करने का अनुरोध भी किया गया था, लेकिन बांग्लादेश सरकार ने इसे ठुकरा दिया।

कानून मंत्री मोहम्मद असदुज्जमां ने शनिवार को कहा कि हसीना की वापसी के लिए बांग्लादेश अपनी ओर से कानूनी प्रक्रिया पूरी कर चुका है। अब इस मामले में भारत को फैसला लेना है।

बांग्लादेश ने हसीना के प्रत्यर्पण के मुद्दे को प्रधानमंत्री तारिक रहमान की संभावित भारत यात्रा से भी जोड़ा है। उसका कहना है कि हसीना और बांग्लादेश में वांछित अन्य भगोड़ों की वापसी से इस यात्रा के लिए अनुकूल माहौल बनाने में मदद मिलेगी।

भारत ने प्रत्यर्पण पर क्या कहा?

भारत ने पुष्टि की है कि उसे बांग्लादेश की ओर से प्रत्यर्पण के अनुरोध मिले हैं, लेकिन अभी तक इस पर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है। शुक्रवार को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि शेख हसीना का प्रत्यर्पण कानूनी मामला है और इस पर कानून के अनुसार ही कार्रवाई की जाएगी।

स्मारक गिराया, BNP के कार्यालयों में भी आगजनी

गोपालगंज में हिंसा के दौरान प्रदर्शनकारियों ने 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना सरकार के पतन की याद में बनाए गए एक स्मारक को भी गिरा दिया। उन्होंने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर शहर की कई सड़कों पर प्रदर्शन किया।

अवामी लीग के गोपालगंज जिला नेता इलियास हक ने पार्टी की एक रैली में कहा कि सड़कों पर आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक पूर्व प्रधानमंत्री और बंगबंधु की बेटी शेख हसीना को वापस देश नहीं लाया जाता।

रिपोर्टों के मुताबिक, प्रदर्शन से पहले रात में कुछ अज्ञात लोगों ने गोपालगंज के तुंगीपाड़ा में सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के दो कार्यालयों में आग लगा दी थी। इन घटनाओं के बाद सरकार ने जिले के डिप्टी कमिश्नर और पुलिस अधीक्षक को उनके पदों से हटा दिया है।

गृह मंत्री ने दिया सख्त कार्रवाई का संकेत

बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने कहा कि कानून लागू करने वाली एजेंसियां तोड़फोड़ और आतंकवाद रोकने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। हिंसा पर काबू पाने के लिए गोपालगंज में दंगा-रोधी पुलिस की मदद के लिए बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के जवानों को भी तैनात किया गया है।

रविवार को प्रधानमंत्री तारिक रहमान की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में गोपालगंज के हालात पर चर्चा हुई। प्रोथोम आलो अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने संसद में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात की।

बैठक से जुड़े BNP नेताओं के हवाले से अखबार ने बताया कि तारिक रहमान ने पार्टी कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने का निर्देश दिया है। गृह मंत्रालय ने भी स्पष्ट किया है कि सरकार हालात को बेकाबू नहीं होने देगी।

Related posts