यूपी में फिर बदलेगा मौसम, दो दिन बारिश का अलर्ट; पश्चिम को उमस से राहत, पूर्वी यूपी में बाढ़ का खतरा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार को बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ एक-दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। बारिश से पश्चिमी यूपी के लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकती है, जबकि पूर्वी यूपी में नदियों के उफान के चलते बाढ़ का खतरा बना हुआ है।

पश्चिमी यूपी में इन दिनों सुबह और रात के समय लोगों को उमस का सामना करना पड़ रहा है। धूप निकलने के बाद खुले आसमान के नीचे कुछ देर रुकना भी मुश्किल हो रहा है। गुरुवार शाम अचानक मौसम बदला और कई इलाकों में तेज बारिश हुई। बारिश के बाद कुछ स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई, जबकि कई इलाकों में बारिश नहीं हुई।

मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार और शनिवार को आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे। दिन में एक या दो बार गरज के साथ बारिश हो सकती है। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान 4.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई, जबकि हवा में अधिकतम आर्द्रता 97 प्रतिशत रही।

प्रयागराज में छह दिन तक बारिश के आसार

प्रयागराज में गुरुवार को भी बारिश का सिलसिला जारी रहा। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार सुबह 8:30 बजे तक जिले में 47.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। पिछले चार दिनों के मुकाबले बारिश कम रही, लेकिन इसके चलते अधिकतम तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई। गुरुवार को अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि 19 अगस्त को यह 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

21 अगस्त से अगले छह दिनों तक प्रयागराज में अलग-अलग चरणों में हल्की से तेज बारिश होने की संभावना है। गुरुवार सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे। हवा नहीं चलने के कारण सुबह 8:30 बजे आर्द्रता का स्तर 97 प्रतिशत तक पहुंच गया था। शाम को शहर के कई इलाकों में रिमझिम बारिश हुई, जबकि देर रात एक-दो बार तेज बारिश भी हुई।

मौसम विभाग ने 21 अगस्त को प्रयागराज में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके बाद 26 अगस्त तक अलग-अलग चरणों में बारिश होने के आसार हैं।

 

Related posts