बिहार में मौसम का तांडव: आकाशीय बिजली, आंधी-तूफान और तेज बारिश से 12 लोगों की मौत, कई घरों में लगी आग

पटना: बिहार में खराब मौसम ने भारी तबाही मचाई है। राज्य के कई जिलों में आकाशीय बिजली, तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश की वजह से अलग-अलग घटनाओं में 12 लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा असर पूर्वी चंपारण, गया और औरंगाबाद जिलों में देखने को मिला है।

जानकारी के मुताबिक, पूर्वी चंपारण में 5 लोगों, गयाजी में 4 लोगों और औरंगाबाद में 3 लोगों की जान चली गई। मौसम की इस भयावह स्थिति के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसों पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

रेड अलर्ट के बीच कहर बनकर टूटा तूफान

मौसम विभाग ने सोमवार को पूर्वी चंपारण जिले के लिए आंधी-तूफान, तेज बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर रेड अलर्ट जारी किया था। दोपहर बाद अचानक मौसम ने खतरनाक रूप ले लिया।

तेज हवाओं, गर्जना और बिजली चमकने के साथ हुई बारिश ने कई इलाकों में तबाही मचा दी। करीब तीन घंटे के भीतर कई लोग इसकी चपेट में आ गए। इस दौरान कई लोग घायल भी हुए हैं।

आकाशीय बिजली गिरने से 10 घरों में लगी आग

खराब मौसम के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से करीब 10 घरों में आग लग गई। आग लगने की घटनाओं से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई।

ग्रामीण इलाकों में बिजली गिरने और तेज हवाओं की वजह से लोगों में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है।

पेड़ गिरने से टेंपो सवार 3 लोगों की मौत

पूर्वी चंपारण के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रूपडीह गांव के पास तेज आंधी के दौरान एक बड़ा पेड़ टेंपो पर गिर गया। हादसे में टेंपो सवार 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।

घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुटी रही।

आकाशीय बिजली की चपेट में आने से गई कई जानें

सुगौली थाना क्षेत्र के छपराबहास और कैथवलिया गांव में भी आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं सामने आईं। यहां दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया।

लगातार हो रही बिजली गिरने की घटनाओं के बाद प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में रहने की अपील की है।

मुख्यमंत्री ने किया मुआवजे का ऐलान

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसों में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि खराब मौसम के दौरान पूरी सतर्कता बरतें और आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि खराब मौसम के समय घरों के भीतर रहें और सुरक्षित स्थानों पर ही शरण लें।

प्रशासन को तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश

मोतिहारी के जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने आपदा प्रबंधन विभाग को निर्देश दिए हैं कि मृतकों के परिवारों को जल्द से जल्द चार लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए।

प्रशासन लगातार प्रभावित इलाकों की निगरानी कर रहा है और राहत कार्य जारी है।

Related posts