Weather Alert: अगले कुछ घंटे बेहद भारी! यूपी-दिल्ली समेत कई राज्यों में मूसलाधार बारिश का खतरा, IMD ने जारी किया अलर्ट

नई दिल्ली: देशभर में मानसून एक बार फिर पूरी रफ्तार में नजर आ रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 30 जुलाई के लिए बड़ा मौसम अलर्ट जारी करते हुए उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार समेत कई राज्यों में अगले कुछ घंटों के दौरान तेज आंधी, भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी है। विभाग के अनुसार कई इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 40 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

इन राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ के मध्य भाग और उत्तरी ओडिशा के ऊपर बने गहरे अवदाब के कारण मौसम का रुख तेजी से बदला है। इसी के चलते हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और बिहार के कई हिस्सों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने निचले इलाकों में जलभराव, बाढ़ जैसी स्थिति और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका जताई है, जिससे सड़क और रेल यातायात भी प्रभावित हो सकता है।

उत्तर प्रदेश में पश्चिमी जिलों पर ज्यादा असर

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, बिजनौर, बागपत, गाजियाबाद और मेरठ में गुरुवार और शुक्रवार के दौरान भारी बारिश की संभावना है। वहीं राजधानी लखनऊ, सीतापुर, अयोध्या, वाराणसी और प्रयागराज समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। विभाग का कहना है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 2 से 4 अगस्त के बीच बारिश का असर और बढ़ सकता है। लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

दिल्ली-एनसीआर में येलो अलर्ट जारी

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर के लिए भी मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। यहां दिनभर तेज हवाओं, गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

बिहार में 31 जुलाई से और तेज होगा मानसून

बिहार में 30 जुलाई को हल्की बारिश की संभावना है, लेकिन 31 जुलाई से मौसम के और बिगड़ने का अनुमान है। विभाग के अनुसार 4 अगस्त तक कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और कुछ इलाकों में बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।

पहाड़ी राज्यों में बढ़ा भूस्खलन और बाढ़ का खतरा

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश ने हालात चुनौतीपूर्ण बना दिए हैं। उत्तराखंड में खराब मौसम को देखते हुए चारधाम यात्रा फिलहाल रोक दी गई है। वहीं हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी और कुल्लू सहित कई जिलों में 31 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। लगातार बारिश के कारण अचानक बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।

 

Related posts