UP Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ के असर से बदला मौसम, दिन-रात के तापमान में गिरावट; अगले दो दिन आंधी और बारिश के संकेत

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर अब साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ली और जेठ के महीने में सावन जैसा अहसास देखने को मिला। कई जिलों में रुक-रुक कर हुई हल्की बारिश और तेज हवाओं ने भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत दी। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक आंधी और बारिश की संभावना जताई है।

मंगलवार सुबह और शाम हुई बारिश के चलते मौसम सुहावना बना रहा। तापमान में आई गिरावट का असर ऐसा रहा कि रात के समय लोगों को पंखे और कूलर तक बंद करने पड़े। मौसम विभाग के मुताबिक जिले में कुल 4.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

24 घंटे में तेजी से गिरा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7.3 डिग्री सेल्सियस कम रहा। इससे पहले सोमवार को अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। यानी महज 24 घंटे के भीतर तापमान में 3.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

वहीं सोमवार रात का न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 4 डिग्री कम रहा। यह मई महीने का अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान बताया जा रहा है।

बादलों और बूंदाबांदी से दिनभर बना रहा सुहावना मौसम

सोमवार को आई तेज आंधी और बारिश के बाद मंगलवार को भी मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आया। सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही, जिससे धूप और छांव का सिलसिला चलता रहा।

करीब 11 बजे से शुरू हुई हल्की बूंदाबांदी रुक-रुक कर दोपहर बाद तक जारी रही। इससे पूरे दिन मौसम में ठंडक बनी रही और लोगों को गर्मी से राहत मिली। शाम के समय कुछ देर के लिए धूप जरूर निकली, लेकिन तापमान सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम रहा।

मई में सावन जैसा मौसम, लोगों को मिली राहत

आमतौर पर मई महीने में तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान करती हैं, लेकिन इस बार मौसम ने अलग ही रंग दिखाया है। ठंडी हवाओं और बादलों की वजह से तापमान नियंत्रित बना हुआ है। तराई समेत कई इलाकों में लोगों ने सुहावने मौसम का आनंद लिया।

मौसम विभाग का कहना है कि सात और आठ मई को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है। अगले दो से तीन दिनों तक मौसम का यही रुख जारी रह सकता है। बीच-बीच में बूंदाबांदी और तेज हवाएं चलने के आसार हैं, जिससे तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी।

किसानों और आम लोगों को राहत

मौसम में आए इस बदलाव का असर आम जनजीवन पर भी देखने को मिला है। जहां एक तरफ लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है, वहीं किसानों के लिए भी हल्की बारिश फायदेमंद मानी जा रही है। मौसम सुहावना होने से बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी लोगों की आवाजाही बढ़ी दिखाई दी।

Related posts