ईरान युद्ध के बीच ट्रंप का तीखा हमला: अमेरिकी आलोचकों को बताया ‘कायर’, मीडिया पर लगाया दुश्मन को फायदा पहुंचाने का आरोप

वॉशिंगटन: अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव और सैन्य टकराव जैसे हालात के बीच पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अपने आक्रामक बयानों को लेकर सुर्खियों में हैं। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लंबा पोस्ट जारी करते हुए न सिर्फ अमेरिकी मीडिया पर हमला बोला, बल्कि अपने ही देश के कुछ नागरिकों को “कायर” तक कह दिया।

‘फेक न्यूज ईरान को दे रही झूठी उम्मीद’
वॉशिंगटन: अपने पोस्ट में ट्रंप ने आरोप लगाया कि अमेरिकी मीडिया “फेक न्यूज” के जरिए यह दिखाने की कोशिश कर रहा है कि ईरान सैन्य रूप से अमेरिका के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान न सिर्फ गलत हैं बल्कि ये ईरान को झूठी उम्मीद भी देते हैं और अमेरिका के दुश्मनों का मनोबल बढ़ाते हैं।

आलोचकों पर ‘कायर’ होने का आरोप
ट्रंप ने अपने तीखे शब्दों में उन लोगों को भी निशाने पर लिया जो उनके अनुसार ईरान के पक्ष में माहौल बना रहे हैं। उन्होंने ऐसे अमेरिकी नागरिकों और आलोचकों को “कायर” बताते हुए कहा कि यह रवैया देशहित के खिलाफ है और इसे राजद्रोह जैसा माना जा सकता है।

ईरान की सैन्य ताकत को लेकर बड़े दावे
अपने बयान में ट्रंप ने दावा किया कि ईरान की नौसेना पूरी तरह नष्ट हो चुकी है। उन्होंने कहा कि ईरान के 159 जहाज समुद्र में डूब चुके हैं और उसकी वायुसेना तथा सैन्य तकनीक भी लगभग खत्म हो चुकी है। ट्रंप के अनुसार ईरान अब आर्थिक और सैन्य दोनों स्तरों पर कमजोर स्थिति में पहुंच चुका है।

विरोधियों पर तीखा हमला जारी
ट्रंप ने अपने पोस्ट में विरोधियों को “मूर्ख”, “एहसान फरामोश” और “लूजर” तक कह डाला। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका के खिलाफ गलत नैरेटिव गढ़ा जा रहा है, जबकि वास्तविकता इससे बिल्कुल अलग है।

अमेरिकी राजनीति में बढ़ी हलचल
ट्रंप के इस बयान के बाद अमेरिकी राजनीतिक हलकों में नई बहस छिड़ गई है। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच उनके इस आक्रामक रुख को लेकर एक बार फिर उनकी विदेश नीति और बयानबाजी पर सवाल उठने लगे हैं।

Related posts