बांदा: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में बुधवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बिसंडा कस्बे के ओरन रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने पहले एक बाइक को जोरदार टक्कर मारी और फिर अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा पर पलट गया। इस भयावह हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक काफी तेज गति से आ रहा था और अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। सबसे पहले ट्रक ने सड़क से गुजर रही बाइक को टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दूर जा गिरे। इसके बाद ट्रक सड़क किनारे खड़े एक ई-रिक्शा पर पलट गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर मची चीख-पुकार, कई लोग ट्रक के नीचे दबे
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार सुनाई देने लगी। ट्रक के नीचे दबने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला गया।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। गंभीर रूप से घायल लोगों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों की निगरानी में घायलों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
