बॉर्डर 2 और मर्दानी 3 के बीच छुपकर आई Romantic Film ने मचाया तहलका, वैलेंटाइन वीक में बॉक्स ऑफिस पर छप्परफाड़ कमाई

नई दिल्ली। बड़े बजट की फिल्मों बॉर्डर 2 और मर्दानी 3 के बीच दबे पांव रिलीज हुई एक रोमांटिक फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर सबको चौंका दिया है। वैलेंटाइन वीक के मौके पर इस फिल्म का क्रेज इस कदर बढ़ा कि फर्स्ट वीकेंड में ही इसने शानदार कमाई करते हुए बड़ी फिल्मों को कड़ी टक्कर दे डाली।

वैलेंटाइन वीक शुरू होने से ठीक पहले सिनेमाघरों में उतरी इस रोमांटिक फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। मजबूत वर्ड ऑफ माउथ और यूथ कनेक्ट की वजह से फिल्म की कमाई में लगातार इजाफा देखा जा रहा है।

‘विद लव’ को मिला दर्शकों और क्रिटिक्स का प्यार
इस फिल्म का नाम है रोमांटिक कॉमेडी ड्रामा ‘विद लव’ (With Love), जो 6 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। रिलीज के साथ ही फिल्म को दर्शकों के साथ-साथ क्रिटिक्स की भी सराहना मिली, जिसका सीधा असर इसके बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर साफ नजर आ रहा है।

वीकेंड में तेजी से बढ़ी कमाई
शुरुआती दिन भले ही ‘विद लव’ की ओपनिंग सीमित रही हो, लेकिन वीकेंड आते-आते फिल्म ने रफ्तार पकड़ ली। सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, मदन के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने पहले दिन 1.6 करोड़ रुपये की कमाई की थी। शनिवार को फिल्म का कारोबार लगभग दोगुना हो गया और इसने 2.5 करोड़ रुपये कमा लिए।

रविवार को भी बरकरार रहा क्रेज
शनिवार के बाद रविवार को भी फिल्म की कमाई में उछाल देखने को मिला। ईटाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को ‘विद लव’ ने 3.04 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इस तरह महज तीन दिनों में फिल्म ने कुल 7.14 करोड़ रुपये का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन कर लिया है।

मर्दानी 3 और बॉर्डर 2 को दी कड़ी टक्कर
अगर अन्य फिल्मों की बात करें तो मर्दानी 3 ने अपने दूसरे रविवार यानी दसवें दिन करीब 4 करोड़ रुपये की कमाई की थी, जबकि बॉर्डर 2 ने बीते दिन लगभग 7 करोड़ रुपये का कारोबार किया। ऐसे में कम बजट और सीमित स्क्रीन के बावजूद ‘विद लव’ का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली माना जा रहा है।

क्या है ‘विद लव’ की कहानी?
यह फिल्म एक तमिल टीन लव ड्रामा है, जिसमें अभिषाण जीवंत और अनस्वरा राजन मुख्य भूमिकाओं में नजर आते हैं। कहानी की शुरुआत सत्या और मोनिषा की एक ब्लाइंड डेट से होती है। मुलाकात के दौरान दोनों को पता चलता है कि वे स्कूल के पुराने साथी रह चुके हैं, जहां मोनिषा, सत्या की जूनियर थी। धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे के करीब आते हैं, लेकिन तभी मोनिषा एक ऐसा सुझाव देती है, जो उन्हें उनके स्कूल के दिनों और पुराने क्रश की यादों में वापस ले जाता है।

Related posts