कैंचीधाम जाते परिवार की कार 500 मीटर गहरी खाई में गिरी, लखनऊ के एक ही परिवार के 5 लोगों की दर्दनाक मौत

नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में कैंचीधाम दर्शन के लिए जा रहे एक परिवार की यात्रा दर्दनाक हादसे में बदल गई। भवाली क्षेत्र में एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें सवार एक ही परिवार के चार सदस्यों समेत कुल 5 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।

लखनऊ से कैंचीधाम जा रहा था परिवार

जानकारी के मुताबिक, यह परिवार उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से कैंचीधाम के लिए निकला था। कार में ड्राइवर समेत कुल पांच लोग सवार थे। जैसे ही वाहन भवाली क्षेत्र के ढैला गांव से पहले सैनेटोरियम-रातीघाट बाइपास मार्ग पर पहुंचा, तभी अचानक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई।

500 मीटर गहरी खाई में गिरा वाहन

हादसा इतना भयावह था कि कार लगभग 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

दुर्गम इलाका होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य बेहद कठिन रहा, लेकिन टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद सभी पांचों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान हुई

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान भूपेंद्र सिंह चुफाल (48), सीमा कैड़ा चुफाल (45), वासू चुफाल (19), रवि चुफाल (12) और वाहन चालक अनुज कुमार मिश्रा (34) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी एक ही परिवार से थे।

सीएम धामी ने जताया दुख

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को तुरंत राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए थे और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना भी प्रकट की है।

राहत कार्य रहा चुनौतीपूर्ण

नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टीसी और क्राइम एसपी डॉ. जगदीश चंद्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची, लेकिन खड़ी ढलान और दुर्गम भौगोलिक स्थिति के कारण बचाव कार्य बेहद कठिन रहा।

स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल

स्थानीय लोगों ने हादसे के बाद सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जिस स्थान पर दुर्घटना हुई, वह कैंचीधाम बाइपास मार्ग का हिस्सा है, जहां निर्माण कार्य अभी जारी है और कई जगह सुरक्षा इंतजाम पर्याप्त नहीं हैं।

बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन महिंद्रा कंपनी की इलेक्ट्रिक कार थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार, तकनीकी खराबी या सड़क की स्थिति के कारण हुआ।

Related posts