SSC Exam Calendar 2026 जारी: CGL, CHSL, JE समेत कई परीक्षाओं की नई तारीखें घोषित, देखें पूरा शेड्यूल

कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने साल 2026 के लिए भर्ती परीक्षाओं का संशोधित कैलेंडर जारी कर दिया है। इस रिवाइज्ड (टेंटेटिव) शेड्यूल में CGL, CHSL, स्टेनोग्राफर, जूनियर इंजीनियर समेत कई अहम परीक्षाओं की नोटिफिकेशन तारीख, आवेदन की अंतिम तिथि और संभावित परीक्षा महीनों की जानकारी दी गई है। नए कैलेंडर के अनुसार उम्मीदवार अब अपनी तैयारी की रणनीति को बेहतर तरीके से तय कर सकते हैं।

31 मार्च से शुरू होंगी बड़ी भर्तियों की प्रक्रिया

संशोधित कैलेंडर के मुताबिक, कई प्रमुख परीक्षाओं जैसे CGL, सेलेक्शन पोस्ट और जूनियर इंजीनियर भर्ती के नोटिफिकेशन 31 मार्च 2026 को जारी किए जाएंगे। इन सभी के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है।

CGL, JE और सेलेक्शन पोस्ट परीक्षा की अहम तारीखें

संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा (CGL) 2026 के लिए टियर-1 परीक्षा मई से जून 2026 के बीच आयोजित की जाएगी।
सेलेक्शन पोस्ट परीक्षा 2026 का आयोजन मई से जुलाई 2026 के बीच प्रस्तावित है।
जूनियर इंजीनियर (सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल) पेपर-1 परीक्षा मई से जून 2026 के बीच आयोजित होगी।

CHSL, स्टेनोग्राफर और ट्रांसलेटर परीक्षा का शेड्यूल

संयुक्त हिंदी ट्रांसलेटर और स्टेनोग्राफर ग्रेड ‘C’ व ‘D’ परीक्षा के लिए नोटिफिकेशन 30 अप्रैल 2026 को जारी होगा, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई 2026 तय की गई है। इन परीक्षाओं का आयोजन अगस्त से सितंबर 2026 के बीच किया जाएगा।

वहीं, संयुक्त उच्चतर माध्यमिक स्तर (CHSL) परीक्षा 2026 का आयोजन जुलाई से सितंबर 2026 के बीच प्रस्तावित है।

SI और MTS भर्ती की तारीखें भी घोषित

दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में उप-निरीक्षक (SI) भर्ती परीक्षा के लिए नोटिफिकेशन 31 मई 2026 को जारी होगा। आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून 2026 रखी गई है और परीक्षा अक्टूबर से नवंबर 2026 के बीच होगी।

मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS) परीक्षा 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 30 जून से शुरू होकर 31 जुलाई 2026 तक चलेगी। इस परीक्षा का आयोजन सितंबर से नवंबर 2026 के बीच किया जाएगा।

GD कांस्टेबल भर्ती 2027 का भी शेड्यूल जारी

एसएससी ने वर्ष 2027 के लिए GD कांस्टेबल भर्ती का कार्यक्रम भी जारी कर दिया है। इसके लिए नोटिफिकेशन 30 सितंबर 2026 को आएगा और आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 होगी। परीक्षा जनवरी से मार्च 2027 के बीच आयोजित की जाएगी।

उम्मीदवारों के लिए अहम सलाह

इस संशोधित कैलेंडर के बाद अभ्यर्थियों को सलाह दी जा रही है कि वे निर्धारित समयसीमा के अनुसार अपनी तैयारी को अंतिम रूप दें। साथ ही आवेदन से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं समय पर पूरी करें, ताकि किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके।

Related posts