सीएम धामी ने ‘प्रयास बेहतर कल के लिए’ स्मारिका का किया विमोचन, खेलों को बताया कार्यसंस्कृति सुधार का माध्यम

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में उत्तराखंड सचिवालय बैडमिंटन क्लब द्वारा प्रकाशित स्मारिका “प्रयास बेहतर कल के लिए” का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों को इस पहल के लिए बधाई दी।

खेल गतिविधियां बढ़ाती हैं सकारात्मक कार्यसंस्कृति

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के प्रकाशन और पहलें न केवल खेल गतिविधियों को बढ़ावा देती हैं, बल्कि एक सकारात्मक और ऊर्जावान कार्यसंस्कृति के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से कर्मचारियों के बीच समन्वय और ऊर्जा का संचार होता है।

खेलों से विकसित होती है अनुशासन और टीम भावना

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि खेल मानव जीवन में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को विकसित करते हैं। उन्होंने सचिवालय कर्मियों से नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।

उन्होंने यह भी कहा कि खेलों में भागीदारी से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, जिसका सीधा सकारात्मक असर कार्यकुशलता पर पड़ता है।

स्मारिका के प्रकाशन की सराहना

मुख्यमंत्री ने स्मारिका में प्रकाशित लेखों, उपलब्धियों और गतिविधियों की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि यह प्रकाशन भविष्य में अधिक से अधिक लोगों को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगा।

कार्यक्रम में कई अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, सचिव विनय शंकर पांडेय, उत्तराखंड सचिवालय बैडमिंटन क्लब के अध्यक्ष हीरा सिंह बसेड़ा, प्रधान संपादक भूपेंद्र सिंह बसेड़ा, महासचिव प्रमोद कुमार, कोषाध्यक्ष चंदन बिष्ट, संयुक्त सचिव पुष्कर सिंह नेगी सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Related posts