सामंथा की ‘मा इंटी बंगारम’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, तोड़ा वर्षों पुराना रिकॉर्ड, बनी सबसे बड़ी फीमेल-लीड तेलुगु फिल्म

हैदराबाद: दक्षिण भारतीय सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु की फिल्म ‘मा इंटी बंगारम’ ने बॉक्स ऑफिस पर नया इतिहास रच दिया है। रिलीज के बाद से शानदार प्रदर्शन कर रही इस फिल्म ने अब तेलुगु सिनेमा में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली महिला-प्रधान फिल्म बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। फिल्म की इस उपलब्धि की जानकारी निर्माताओं ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया मंच के जरिए साझा की।

निर्देशक नंदिनी रेड्डी के निर्देशन में बनी यह फिल्म 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। रिलीज के बाद से ही फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त समर्थन मिला और सामंथा के अभिनय को भी खूब सराहा गया। फिल्म में उनका अलग और दमदार अंदाज दर्शकों को काफी पसंद आया।

83 करोड़ के पार पहुंची फिल्म की कमाई

बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के मुताबिक, ‘मा इंटी बंगारम’ ने दुनियाभर में 83 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया है, जबकि भारत में फिल्म की कमाई 50 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है। इसी के साथ यह तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फीमेल-लीड फिल्म बन गई है।

इससे पहले यह रिकॉर्ड वर्ष 2009 में रिलीज हुई फिल्म ‘अरुंधति’ के नाम दर्ज था। उस फिल्म ने वैश्विक स्तर पर 70 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की थी और लंबे समय तक महिला-प्रधान फिल्मों के लिए एक बड़ा मानदंड मानी जाती रही।

निर्माताओं ने कहा- सुनहरे अक्षरों में लिखा गया इतिहास

फिल्म के निर्माण से जुड़े बैनर ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि ‘मा इंटी बंगारम’ ने तेलुगु सिनेमा के इतिहास में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया है। निर्माताओं के अनुसार, यह अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली महिला-प्रधान तेलुगु फिल्म बन चुकी है।

इन फिल्मों ने भी बॉक्स ऑफिस पर दिखाई थी ताकत

तेलुगु सिनेमा में इससे पहले भी कई महिला-केंद्रित फिल्मों ने शानदार प्रदर्शन किया था। वर्ष 2018 में आई ‘महानटी’ ने दुनियाभर में 75 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया था, लेकिन उस फिल्म में कई प्रमुख कलाकारों की अहम भूमिकाएं थीं।

इसी तरह वर्ष 2015 में रिलीज हुई ‘रुद्रमादेवी’ ने भी वैश्विक स्तर पर 86 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की थी। हालांकि, इस फिल्म में भी कई बड़े सितारे शामिल थे, जिसके चलते इसे पूरी तरह महिला-प्रधान फिल्म की श्रेणी में नहीं रखा गया।

दक्षिण भारत की सबसे बड़ी फीमेल-लीड फिल्म का रिकॉर्ड अब भी बरकरार

हालांकि तेलुगु सिनेमा में ‘मा इंटी बंगारम’ ने नया इतिहास रच दिया है, लेकिन पूरे दक्षिण भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली महिला-प्रधान फिल्म का रिकॉर्ड अभी भी मलयालम फिल्म ‘लोकाह: चैप्टर 1 – चंद्रा’ के नाम दर्ज है।

इस फिल्म ने दुनियाभर में 300 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया था। फिल्म की अप्रत्याशित सफलता ने इसकी टीम को भी हैरान कर दिया था और इसकी कमाई लंबे समय तक चर्चा का विषय बनी रही।

 

Related posts