जेल से बाहर आते ही राजपाल यादव का पहला बयान, बोले- 30 साल से इंडस्ट्री में हूं, पूरा देश मेरे साथ

चेक बाउंस और 9 करोड़ रुपये के लोन मामले में 13 दिन जेल में बिताने के बाद बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव पहली बार मीडिया के सामने आए। हाई कोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद तिहाड़ जेल से बाहर निकलते ही उन्होंने देशभर से मिले समर्थन के लिए आभार जताया और कहा कि कानूनी जानकारी के लिए उनके वकील से संपर्क किया जाए।

जेल से बाहर आते वक्त उनके चेहरे पर हल्की थकान जरूर नजर आई, लेकिन मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने मुस्कुराते हुए अपना पक्ष रखा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानूनी मामलों पर उनके वकील ही विस्तृत जानकारी देंगे।

‘लीगल जानकारी वकील से लें, मैं हर सवाल के लिए तैयार’

राजपाल यादव ने कहा, “कोई भी लीगल जानकारी लेनी हो तो हमारे वकील भास्कर उपाध्याय से पूछ सकते हैं। बाकी मैं इतना कहना चाहूंगा कि मुझे मुंबई में बॉलीवुड में 30 साल पूरे हो जाएंगे। पूरे देश और दुनिया का बच्चा-बच्चा मेरे साथ रहा, तभी तो मैं 250 फिल्में कर पाया। पूरा बॉलीवुड मेरे साथ है।”

उन्होंने कहा कि यह मामला 2012-13 का है और उसके बाद से वह लगातार फिल्मों में काम करते रहे हैं। अभिनेता ने कहा, “भारतीय सिनेमा का बच्चा, बूढ़ा, नौजवान मेरे साथ था और है। पूरे देश के लोग मेरे साथ हैं। जिस तरह से देश और दुनिया ने मुझे प्यार दिया है, अगर मेरे खिलाफ कोई आरोप हैं तो मैं उनका जवाब देने के लिए तैयार हूं।”

हाई कोर्ट का जताया आभार

राजपाल यादव ने आगे कहा कि वह अदालत के हर आदेश का सम्मान करते हैं और आगे भी करते रहेंगे। “मैं कोर्ट के हर आदेश का पालन करता आया हूं। जहां-जहां कोर्ट ने बुलाया, मैं हाजिर हुआ और आगे भी होता रहूंगा। मेरी मंशा क्या थी, यह बताने के लिए मैं हमेशा तैयार रहा हूं।”

उन्होंने सोशल मीडिया और आम लोगों से मिले समर्थन का जिक्र करते हुए कहा कि 5 साल के बच्चे से लेकर 55 साल तक के लोग उनके साथ खड़े रहे। “मनोरंजन से मेरा रिश्ता रहा है। मुझे हर शख्स से प्यार मिला है, बॉलीवुड से मिला है। अगर मुझ पर कोई आरोप है तो मैं हर जगह जवाब देने के लिए उपलब्ध हूं। थैंक्यू हाई कोर्ट, आपने मुझे सुनने का मौका दिया।”

13 दिन जेल में बिताने के बाद सामने आए राजपाल यादव के इस बयान ने एक बार फिर इस मामले को सुर्खियों में ला दिया है। अब आगे की कानूनी प्रक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Related posts