दिल्ली से यूपी-बिहार तक बारिश का कहर, केरल में रेड अलर्ट; गुजरात, असम और ओडिशा में बाढ़ से बढ़ी मुश्किलें

नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। राजधानी दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक कई इलाकों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। वहीं केरल के आठ जिलों के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है। लगातार हो रही बारिश के चलते गुजरात, असम, ओडिशा और केरल के कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।

आज इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, आज असम, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में अत्यधिक बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, बिहार, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, केरल, माहे और ओडिशा के कई हिस्सों में भी मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। वहीं अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में आंधी-तूफान की आशंका व्यक्त की गई है। आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, लक्षद्वीप और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है।

5 से 10 अगस्त तक कई राज्यों में जारी रहेगा बारिश का दौर

मौसम विभाग ने बताया है कि 5 और 6 अगस्त के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान और पंजाब में झमाझम बारिश होने की संभावना है। छत्तीसगढ़ में 5 से 10 अगस्त तक तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं बिहार और झारखंड में 8 अगस्त तक बारिश की गतिविधियां बनी रहने का अनुमान है। ओडिशा में 5 और 6 अगस्त के दौरान कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है।

केरल के आठ जिलों में रेड अलर्ट जारी

लगातार हो रही बारिश को देखते हुए केरल के आठ जिलों में अगले 24 घंटे के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। पथानामथिट्टा, इडुक्की, कोट्टायम, एर्नाकुलम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड में 204 मिलीमीटर से अधिक बारिश होने की आशंका जताई गई है। इसके अलावा मलप्पुरम, पलक्कड़, त्रिशूर और अलाप्पुझा में ऑरेंज अलर्ट लागू है, जहां दिनभर भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।

बाढ़ से कई राज्यों में जनजीवन प्रभावित

लगातार मूसलाधार बारिश के कारण केरल, असम, ओडिशा और गुजरात समेत कई राज्यों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। केरल में एक अगस्त से जारी भारी बारिश से जुड़ी घटनाओं में 25 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि चार लोग लापता और 10 अन्य घायल बताए गए हैं। चार अगस्त तक 52 मकान पूरी तरह नष्ट हो गए, जबकि 565 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। हालात बिगड़ने के बाद हजारों लोगों को राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी है और रेल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।

ओडिशा के जाजपुर, भद्रक और जगतसिंहपुर जिलों के कई गांव अब भी बाढ़ के पानी से घिरे हुए हैं। बड़ी संख्या में लोग राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं। राज्य में एक बार फिर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं गुजरात के कई इलाके भी बाढ़ की चपेट में बने हुए हैं।

 

Related posts