नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो संदेश के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देश की जनता का भरोसा लगातार बीजेपी पर बढ़ रहा है और यह पार्टी के कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण का परिणाम है।
“पार्टी हमारे लिए मां के समान”
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि बीजेपी एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है, जहां कार्यकर्ता पार्टी को मां के रूप में देखते हैं। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि हर कार्यकर्ता के लिए भावनात्मक अवसर होता है। यह दिन उन्हें राष्ट्रसेवा का अवसर देने के लिए पार्टी के प्रति कृतज्ञता जताने का मौका देता है। उन्होंने देशभर के करोड़ों कार्यकर्ताओं और समर्थकों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।
चुनावी राज्यों में दिख रही नई ऊर्जा
प्रधानमंत्री ने वर्तमान चुनावी माहौल का जिक्र करते हुए कहा कि जिन राज्यों में इस समय चुनाव हो रहे हैं, वहां पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह दिखाई दे रहा है। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
लाखों कार्यकर्ताओं के तप-त्याग का परिणाम
पीएम मोदी ने कहा कि आज बीजेपी जिस ऊंचाई पर पहुंची है, उसके पीछे लाखों कार्यकर्ताओं का तप, त्याग और समर्पण है। उन्होंने कहा कि इस संघर्ष को वही समझ सकता है, जिसने संगठन के लिए खुद को समर्पित किया हो और पार्टी के संकल्पों को जिया हो।
संघ की प्रेरणा से मिली दिशा
प्रधानमंत्री ने कहा कि पार्टी को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से प्रेरणा मिली, जिसने स्वच्छ और सुचिता के साथ राजनीति करने का मार्ग दिखाया। शुरुआती वर्षों में संगठन निर्माण और नीतियों के निर्धारण पर जोर दिया गया, जिसके बाद बीजेपी ने खुद को एक मजबूत कैडर आधारित पार्टी के रूप में स्थापित किया।
सेवा आधारित राजनीति को मिला जनसमर्थन
उन्होंने कहा कि समय के साथ सत्ता केंद्रित राजनीति का पतन हुआ और सेवा आधारित राजनीति को जनता का व्यापक समर्थन मिला। बीजेपी ने अपने आचरण से ‘राष्ट्र प्रथम’ का सिद्धांत स्थापित किया, जो आज देश की राजनीति की प्रमुख धारा बन चुका है।
1984 के दौर का जिक्र, कांग्रेस पर निशाना
प्रधानमंत्री मोदी ने 1984 के चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय कांग्रेस ने रिकॉर्ड जीत दर्ज की थी, लेकिन जनता ने सत्ता में आने के बाद उसके रवैये को देखा। उन्होंने कहा कि इसी दौर में बीजेपी के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ना शुरू हुआ और धीरे-धीरे पार्टी ने चुनावी सफलता हासिल की। इससे देश की राजनीति में दो धाराएं स्पष्ट हुईं—एक सत्ता आधारित और दूसरी सेवा आधारित।
सरकार के कामकाज और आगे का एजेंडा
पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी हर चुनौती का ईमानदारी से सामना कर रही है और आगे भी करती रहेगी। उन्होंने कई प्रमुख फैसलों का जिक्र करते हुए कहा कि पुराने कानूनों को खत्म करना, नए संसद भवन का निर्माण, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को 10 प्रतिशत आरक्षण, तीन तलाक पर रोक, नागरिकता कानून और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण जैसे फैसले इसी दिशा में उठाए गए कदम हैं। उन्होंने कहा कि यूनिफॉर्म सिविल कोड और ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ जैसे मुद्दों पर भी देश में गंभीर चर्चा जारी है।
