प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अपने एक दिवसीय दौरे पर असम पहुंचकर कई अहम परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। यह पिछले तीन महीनों में उनका तीसरा असम दौरा है और राज्य में संभावित विधानसभा चुनावों से पहले इस दौरे को अहम माना जा रहा है। पीएम भारतीय वायुसेना के C-130 विमान से मोरन स्थित आपातकालीन लैंडिंग सुविधा (ELF) पहुंचेंगे, जहां वे करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से बनी 4.2 किलोमीटर लंबी सुविधा राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
6 लेन वाला सेतु बदलेगा गुवाहाटी की कनेक्टिविटी
इसके बाद प्रधानमंत्री गुवाहाटी में लगभग 3000 करोड़ रुपये की लागत से बने कुमार भास्कर वर्मा सेतु का उद्घाटन करेंगे। छह लेन वाला यह आधुनिक पुल गुवाहाटी और उत्तरी गुवाहाटी के बीच यात्रा को तेज और सुगम बनाएगा, जिससे आवागमन का समय काफी घटेगा और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।
ब्रह्मपुत्र पर आधुनिक तकनीक से बना पुल
ब्रह्मपुत्र नदी पर निर्मित यह अत्याधुनिक पुल भूकंप के झटकों को सहने में सक्षम है। करीब 3030 करोड़ रुपये की लागत से बने इस स्ट्रक्चर में हाई-परफॉर्मेंस स्टे केबल तकनीक का उपयोग किया गया है, जो मजबूती के साथ आकर्षक डिजाइन भी सुनिश्चित करती है। पुल के नीचे से नाव और छोटे जहाजों का आवागमन भी संभव होगा, जिससे जल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।
असम को मिलेंगी कई और परियोजनाएं
प्रधानमंत्री लचित घाट से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आईआईएम गुवाहाटी के अस्थायी परिसर और एआई-सक्षम हाइपरस्केल डेटा सेंटर का उद्घाटन भी करेंगे। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा है कि आईआईएम की शुरुआत से राज्य शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी छलांग लगाएगा और भविष्य की जरूरतों वाले संस्थानों की श्रेणी में मजबूती से खड़ा होगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री गुवाहाटी शहर के लिए 100 इलेक्ट्रिक वाहनों को भी रवाना करेंगे। दौरे को लेकर पूरे राज्य में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
