कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब इंडिगो की शिलांग जाने वाली फ्लाइट 6E3074 में बम होने की सूचना मिली। सुबह 9:15 बजे रवाना होने वाली इस फ्लाइट में धमकी की खबर फैलते ही यात्रियों के बीच घबराहट फैल गई और सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत अलर्ट किया गया।
टॉयलेट कम्पार्टमेंट में मिला धमकी भरा नोट
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक बोर्डिंग के दौरान क्रू मेंबर्स को विमान के टॉयलेट कम्पार्टमेंट के अंदर एक कागज मिला, जिस पर लिखा था कि विमान में बम मौजूद है। नोट मिलते ही प्रोटोकॉल के तहत सभी यात्रियों को तत्काल विमान से उतार लिया गया और विमान को आइसोलेशन बे में ले जाकर सघन तलाशी शुरू की गई। जांच प्रक्रिया जारी है और सुरक्षा एजेंसियां हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही हैं।
सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई, यात्रियों को हुई परेशानी
अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों और विमान संचालन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर के मुताबिक सभी एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। फ्लाइट रोके जाने के कारण यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा, हालांकि प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
