नीतीश ने फिर संभाली बिहार की कमान,10वीं बार ली मुख्यमंत्री पद की शपथ

Nitish Kumar oath ceremony, Bihar cabinet 2024, NDA Bihar government, PM Modi in Patna, new Bihar ministers

प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी रहे मौजूद

भाजपा से 14 जदयू से 8 लोजपा 2, हम और लोमा से एक-एक विधायक ने ली मंत्री पद की शपथ

पटना । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह सहित भाजपा शासित कई प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों की उपस्थिति में नीतीश कुमार ने गुरुवार को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। नीतीश कुमार के साथ भाजपा से सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। भाजपा से 14, जदयू से 8, लोजपा से 2, हम और रालोमा से एक-एक मंत्री ने शपथ ली।

नीतीश मंत्रिमंडल में जिन मंत्रियों को शपथ दिलाई गई, उनमें जमुई विधानसभा सीट से जीतीं श्रेयसी सिंह भाजपा की ओर से युवा चेहरों में शामिल हैं। इसके अलावा रमा निषाद को भी मंत्रिमंडल में जगह दी गई है, जो इस बार अराई विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर आई हैं। दोनों ने पहली बार मंत्री पद की शपथ ली है। सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, विजय चौधरी, विजय प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, मंगल पांडे, डॉ. दिलीप जायसवाल, अशोक चौधरी, लेसी सिंह, मदन साहनी, नितिन नवीन, रामकृपालयादव, संतोष कुमार सुमन, सुनील कुमार, मोहम्मद जमा खान, संजय सिंह टाइगर, अरुण शंकर प्रसाद, सुरेंद्र मेहता, नारायण प्रसाद, रमा निषाद, लाखेंद्र कुमार रोशन, श्रेयसी सिंह, प्रमोद कुमार, संजय कुमार, संजय कुमार सिंह और दीपक प्रकाश ने शपथ ली।

अनुभवी और युवाओं से सजे नीतीश मंत्रिमंडल में शामिल मंगल पांडे, नितिन नवीन, अशोक चौधरी, श्रवण कुमार जैसे नेता पहले भी विभिन्न विभागों का जिम्मा संभाल चुके हैं । शपथ ग्रहण समारोह में मैथिली ठाकुर, सांसद व गायक मनोज तिवारी और भोजपुरी स्टार पवन सिंह ने अपनी प्रस्तुति देकर भीड़ को झूमने पर मजबूर कर दिया । राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा मौजूद रहे। शपथ ग्रहण समारोह के समापन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंच से जनता का अभिभावन किया और गमछा लहराया। उन्होंने नीतीश कुमार मुख्यमंत्री और अन्य को मंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई दी । शपथ ग्रहण समारोह में आम जनता ने भारी संख्या में शिरकत की। वहीं सीएम नीतीश कुमार ने पीएम मोदी का आभार जताया।

यह भी पढ़ें : पीएम किसान सम्मान निधि के तहत अन्नदाताओं के खाते में भेजे 18 हजार करोड़

जातीय समीकरण साधने की कोशिश
नई सूची में सभी प्रमुख वर्गों और क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश साफ दिखती है। दलित, अति पिछड़ा, पिछड़ा, महिलाओं और अल्पसंख्यक समाज से आने वाले नेताओं को मंत्रिमंडल में पर्याप्त स्थान दिया गया है। श्रेयसी सिंह, रमा निषाद और लेसी सिंह जैसी महिला नेताओं को शामिल करना राजग की महिला सशक्तिकरण की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है।

साथ ही मोहम्मद जमा खान जैसे अल्पसंख्यक चेहरे का शामिल होना भाजपा-जदयू सरकार के सामाजिक संतुलन के प्रयास को रेखांकित करता है। गौरतलब है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) मंत्रिमंडल में दलित 5, राजपूत 4, कुशवाहा 3, भूमिहार 2, कुर्मी 2, यादव 2, वैश्य 2, मल्लाह 2 के अलावा ब्राह्मण, कायस्थ, मुस्लिम व ईबीसी से एक-एक मंत्री बनाए गए हैं।

शपथ ग्रहण समारोह में ये भी रहे उपस्थित
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ ही केन्द्रीय मंत्री जेपी नड्डा, शिवराज सिंह चौहान, धर्मेन्द्र प्रधान, जीतन राम मांझी, राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, चिराग पासवान, अर्जुन राम मेघवाल, अनुप्रिया पटेल समारोह में मौजूद रहे । आन्ध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चन्द्रबाबू नायडू, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडनवीस, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा, राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी, महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिन्दे सहित अन्य विशिष्ट अतिथि, सांसद, नवनिर्वाचित विधायक, विधान पार्षद और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें : वो रहस्यमयी सड़क, जो दिन में सिर्फ दो घंटे ही दिखती है, फिर हो जाती है गायब !

Related posts